
२२ अप्रैल २०१९ को ‘फैक्ट क्रेसेंड़ो’ के वाट्सऐप पर एक मैसेज हमारें पाठक द्वारा सत्यता जांचने के लिए भेजा गया | मैसेज में लिखा गया है कि गूगल के सीईओ, सुन्दर पिचाई भारत में अपना मतदान करने आए थे |
जब हमने उपरोक्त मैसेज अन्य सोशल मीडिया ऐप्स पर ढूंढा तो यह ज्ञात हुआ कि यह पोस्ट वाकई काफ़ी चर्चा में है | १८ अप्रैल २०१९ को पुअर गाए सेइंग्स नामक एक फेसबुक पेज ने एक तस्वीर पोस्ट की | तस्वीर के शीर्षक में लिखा गया है कि “गूगल के सीईओ सुन्दर सीधे अमेरिका से भारत अपना मतदान करने आए” | तस्वीर में हम गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को देख सकते है | तस्वीर के माध्यम से यह दावा किया जा रहा है कि सुन्दर पिचाई जो अमेरिका में रहते है, वह भारत में मतदान करने आए थे | यह तस्वीर काफी तेजी से साझा की जा रही है | फैक्ट चेक किये जाने तक इस पोस्ट ने लगभग १६०० प्रतिक्रियाएं प्राप्त की थी |
भारत लोकसभा २०१९ के लिए मतदान के दूसरे चरण में है और सोशल मीडिया मशहूर हस्तियों और प्रमुख सार्वजनिक हस्तियों के वोट डालने की तस्वीरों से भरा पड़ा है | इन तस्वीरों में हमें काफी फोटोशॉप की गयी तस्वीरें भी देखने को मिलती है | इसी वजह से हमने उपरोक्त पोस्ट की सच्चाई जानने की कोशिश की |
संशोधन से पता चलता है कि….
जाँच की शुरुआत हमने तस्वीर का स्क्रीनशॉट लेकर गूगल रिवर्स इमेज सर्च करने से की तो हमें पता चला की यह तस्वीर २ साल पुरानी है | गूगल द्वारा दिए गए परिणाम से हमें सुन्दर पिचाई द्वारा किया हुआ एक ट्वीट मिला | ७ जनुअरी २०१७ को सुंदर पिचाई के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से किये ट्वीट में हम उपरोक्त तस्वीर को देख सकते है | ट्वीट के शीर्षक में लिखा गया है कि “२३ वर्षों में पहली बार मेरे अल्मा मेटर का दौरा किया। हार्दिक स्वागत के लिए सभी का @IITKgp को धन्यवाद!” यह तस्वीर तबकी है जब सुंदर पिचाई ने अपने अल्मा मेटर आईआईटी खड़गपुर, पश्चिम बंगाल का दौरा किया था | उन्होंने ३००० से अधिक छात्रों को संबोधित किया और भारत के स्टार्टअप और डिजिटल अर्थव्यवस्था पर चर्चा की |
सुन्दर पिचाई के इस ट्वीट से हमें यह पता चलता है कि यह तस्वीर २ साल पहले उनके आईआईटी खरगपुर बंगाल की यात्रा की है | इस खबर को ५ जनवरी २०१७ को कई मीडिया संगठनों ने प्रकाशित किया था | खबर में लिखा गया है कि पिचाई ने ५ जनवरी २०१७ को आईआईटी खड़गपुर परिसर का दौरा किया, जिसमें उन्होंने कॉलेज में एक ओपन-एयर थिएटर में छात्रों के साथ एक प्रश्न-उत्तर श्रृंखला में भाग लिया | इस कार्यक्रम में ३५०० से अधिक छात्रों ने भाग लिया और यूट्यूब पर गूगल द्वारा लाइव स्ट्रीम किया गया | पिचाई उस समय एक काम और व्यक्तिगत यात्रा के लिए भारत में थे |
फर्स्ट पोस्ट | आर्काइव लिंक | डेक्कन क्रॉनिकल | आर्काइव लिंक
यह लाइव वीडियो गूगल इंडिया के आधिकारिक अकाउंट द्वारा यू-ट्यूब पर ५ जनवरी २०१७ को प्रसारित किया गया था, जो आप नीचे देख व सुन सकते है |
विकिपीडिया के अनुसार तमिलनाडु के मदुरै में जन्मे पिचाई के पास अमेरिकी नागरिकता है | इसलिए उन्हें भारतीय चुनावों में अपना वोट डालने की अनुमति नहीं है |
मतदान के बारे में अधिक जानकारी ढूंढ़ने पर हमने पाया कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, एक व्यक्ति भारत में मतदान कर सकता है यदि वह भारतीय नागरिक है |
हालाँकि, अनिवासी भारतीयों (NRI) को भारत में वोट डालने की अनुमति है, बशर्ते कि वह खुद भारत आकर मतदान करें | लेकिन, दुसरे देश की नागरिकता पाने वालों के लिए यह सुविधा नहीं है |
निष्कर्ष : तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया की, साझा की गई तस्वीर २ साल पुरानी है |तस्वीर उनके द्वारा आईआईटी खरगपुर पश्चिम बंगाल के दौरे की है | सुन्दर पिचाई एक अमेरिकी नागरिक है जिस वजह से वह भारत में मतदान नहीं कर सकते |

Title:क्या गूगल के सीईओ सुन्दर पिचाई भारत में अपना मतदान करने आये थे ?
Fact Check By: Drabanti GhoshResult: False
