
लोकसभा चुनाव 2024 के बीच सोशल मीडिया पर कई मशहूर लोगों के किसी न किसी पार्टी के समर्थन में फर्जी वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसी बीच योग गुरु बाबा रामदेव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है जिसमें वो राहुल गंधी की तारीफ करते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में बाबा रामदेव ने कहा, “नेहरु जी योग करते थे। इंदिरा गांधी योग करती थी। सोनिया जी योग करती हैं। हमारे राहुल भाई भी योग करते हैं। उनकी मेहनत है अब रंग ला रही है। बड़े शान से चल रहे हैं। जिस आदमी को कभी नेशनल टीवी पर बहुत कम समय दिखाया जाता था अब बहुत जगह मिल रही है। आज उनके नाम के चर्चे हैं।”
वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि लोकसभा चुनावों के बीच, बाबा रामदेव ने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- राहुल गाँधी कि मेहनत रंग ला रही है – बाबा रामदेव , गांधी परिवार की तारीफ बाबा रामदेव कर रहे हैं ! ये ह्रदय परिवर्तन कैसे हुआ….? लोकसभा चुनाव 2024
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के बारे में अलग अलग की-वर्ड के साथ सर्च करना शुरु किया। परिणाम में वायरल वीडियो हमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमिटी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। यहां पर वीडियो को 28 सितंबर 2022 को अपलोड किया गया था। इससे ये स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो का हालिया लोकसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है।

वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है- बाबा रामदेव ने मारी पलटी। इस वीडियो के एक हिस्से में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कुछ दृश्य लगाये गए हैं, जिससे जानकारी मिलती है कि वीडियो भारत जोड़ो यात्रा के समय का है। निम्न में पूरी वीडियो देखें।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए हमने आगे की जांच की। परिणाम में ये खबर हमें लाइव हिंदुस्तान के यूट्यूब चैनल और अमर उजाला (आर्काइव) वेबसाइट पर मिला। 17 सितंबर, 2022 को प्रकाशित इन खबरों के अनुसार बाबा रामदेव ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्रशंसा की थी।
लोकसभा चुनाव 2024, बाबा रामदेव-
बता दें कि 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण का मतदान 102 सीटों के लिए देश के 21 राज्यों में हुआ था। योग गुरु बाबा रामदेव ने उत्तराखंड के हरिद्वार में अपना वोट डाला। रामदेव ने वोट डालने बाद मीडिया से कहा, “मेरा वोट भारत के लिए है। मेरा वोट भारत को बीमारी मुक्त और नशा मुक्त बनाने के लिए है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, ये वीडियो साल 2022 का है। वर्तमान लोकसभा चुनाव से इस वीडियो का कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो तब का है जब राहुल गांधी दो साल पहले भारत जोड़ो यात्रा कर रहे थे।

Title:क्या मौजूदा लोकसभा चुनाव में बाबा रामदेव ने की राहुल गांधी की तारीफ? नहीं, वीडियो पुराना…
Fact Check By: Sarita SamalResult: False
