
सोशल मीडिया पर एक स्कूटी को क्रेन से उठाकर ले जाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग क्रेन की मदद से स्कूटी को उठा रहे हैं, लेकिन एक शख्स उस पर बैठा हुआ है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह घटना नागपुर की है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- नागपुर में क्रेन स्कूटी उठाने आई, लेकिन स्कूटी मालिक समय रहते पहुंच गया और स्कूटी पर बैठ गया। इस पर क्रेन चालक ने स्कूटी मालिक को भी उठाने की कोशिश की, वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।”
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो से तस्वीर को लेकर रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘ABP MAJHA’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। इस वीडियो रिपोर्ट को 22 जुलाई 2022 को शेयर किया गया था।

मराठी भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, एक शख्स ने नो-पार्किंग में स्कूटी खड़ी की थी। जब पुलिस स्कूटी उठाने लगी तो वह उस पर आकर बैठ गया। इसके बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं रोकी और स्कूटी लेकर चले गए।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें एनडीटीवी की वेबसाइट पर मिली । 26 जुलाई 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, नो-पार्किंग जोन में खड़ी एक स्कूटी देखते ही देखते क्रेन की मदद से हवा में लटकती नजर आ रही थी। सोशल मीडिया पर जहां एक तरफ इस अजीबोगरीब दृश्य को देखकर लोग हैरान हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे मजाकिया लहजे में लेकर कह रहे हैं कि, ‘गलत पार्किंग पर यह सजा ठीक है।”

वनइंडिया हिंदी पर भी वायरल वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। जिसके साथ कैप्शन में लिखा है- No Parking Zone में खड़े Scooter को Crane ने मालिक समेत उठाया। वीडियो 18 अगस्त 2022 को अपलोड किया गया है। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल का नहीं है।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, स्कूटी को उठाकर ले जाने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो साल 2022 में हुई घटना का है, जिसे अभी के दिनों का बताकर शेयर किया जा रहा है।
Title:मालिक के साथ स्कूटी उठाने की यह घटना तीन साल पुरानी है, भ्रामक है वायरल दावा…
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading


