क्या नितिन नबीन को पीएम मोदी ने कैमरे के फ्रेम में आने के कारण धक्का दिया? यहां पढ़ें वायरल वीडियो की सच्चाई…

Misleading Political

पीएम मोदी द्वारा भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को कैमरे के फ्रेम से बाहर निकालने का भ्रामक दावा वायरल।

आखिरकार महामंथन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल ही गया। 20 जनवरी 2026 को औपचारिक रूप से नितिन नबीन को पार्टी की कमान सौंप दी गई। जिसके साथ ही बीजेपी में अब ‘नबीन युग’ की शुरुआत हो चुकी है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक छोटे से वीडियो क्लिप को वायरल किया जा रहा है, दिखाई दे रहा है कि पीएम मोदी नितिन नबीन की पीठ पर हाथ रखकर उन्हें पीछे से धक्का दे रहे हैं। यूज़र्स इस वीडियो को साझा करते हुए दावा कर रहे हैं कि पीएम मोदी नितिन नबीन को कैमरे के सामने से हटा रहे हैं और उनका अपमान कर रहे हैं। वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

नितिन नबीन की आज बीजेपी अध्यक्ष के रूप में ताजपोशी के बाद नरेंद्र मोदी जी ने हमेशा की तरह जुमलेबाजी करते हुए कहा- मैं तो पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता हूं, नितिन नबीन मेरे बॉस हैं. लेकिन जैसे ही कैमरा ऑन हुआ, उसी साधारण कार्यकर्ता ने अपने ही ‘बॉस’ को पीछे धकेल दिया क्योंकि नितिन नबीन शायद भूल गए थे कैमरे के फ्रेम में बॉस कौन होता है।यही वजह है कि लोग नबीन को रबर स्टाम्प कह रहे हैं।जेपी नड्डा के साथ भी यही ट्रीटमेंट चलता रहा…नाम अध्यक्ष का,काम बस साइड में खड़े रहने का। समझदार को इशारा काफी है,बाक़ियों को थोड़ा समय लगेगा।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जाँच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें आईएनएस के एक्स हैंडल पर 20 जनवरी 2026 को अपलोड किया गया वायरल वीडियो का थोड़ा लंबा वर्जन मिला। यहां कैप्शन में बताया गया कि दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और जेपी नड्डा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पीएम मोदी और नितिन नबीन साथ-साथ चलते हैं। इसके बाद पीएम मोदी पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए पहले नितिन नबीन से आगे जाने का आग्रह करते हैं। तभी वह नितिन नबीन की पीठ पर हाथ रखकर उन्हें आगे जाने की तरफ कहते हैं। यानी यहीं पर स्पष्ट तौर पर दिखाई देता है कि पीएम मोदी श्रद्धांजलि देने के लिए पहले नितिन नबीन को आगे भेजते हैं, जिसके बाद वे और पार्टी के अन्य नेता श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। 

लेकिन इसमें कहीं भी ऐसा नहीं दर्शाया गया है कि पीएम मोदी नितिन नबीन को कैमरे के फ्रेम से हटा रहे हैं जैसा कि वायरल दावे किया गया है। स्पष्ट है कि वायरल क्लिप में केवल इसी दृश्य को मूल संदर्भ से काटकर शेयर किया गया है और इसे प्रभावी दिखाने के लिए ऐसा चला गया है।

आगे और ल्होज करने पर हमें बीजेपी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ‘भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व’ कार्यक्रम का लाइव वीडियो मिला। इसमें अंत में वायरल क्लिप वाले वहीं दृश्य दिखाई देते हैं। यहां भी यहीं स्पष्ट है कि पीएम मोदी नितिन नबीन को पहले पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए कहते हुए उनकी पीठ पर हाथ रखकर उन्हें आगे बढ़ने का इशारा करते हैं।

इसके साथ ही हमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उस समय की तस्वीरें साझा की हुई मिली। इसमें देखा जा सकता है कि पहले नितिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करते हैं व पीएम मोदी पीछे खड़े होकर इंतजार करते हैं।

अंत में हमने वायरल वीडियो को और स्पष्ट करने के लिए हमें मिली मूल वीडियो से विश्लेषण किया। स्पष्ट दिखाई देता है कि पीएम मोदी श्रद्धांजलि देने के लिए पहले नितिन नबीन को आगे भेजते हैं, जिसके लिए वे नितिन को उनकी पीठ पर हाथ रख कर आगे बढ़ने का इशारा करते हैं और जब नितिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करते हैं तब पीएम मोदी पीछे खड़े होकर इंतजार करते हैं। इसमें कहीं भी ऐसा क्षण नहीं है जो वायरल दावे की सटीक पुष्टि करता हो। निम्न में वीडियो देखें।  

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को कैमरे के फ्रेम से बाहर करने का किया जा रहा दावा सरसर फर्जी है। मूल वीडियो से स्पष्ट होता है कि पीएम मोदी नितिन नबीन को श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए सम्मानपूर्वक पहले आगे बढ़ने का इशारा करते हैं जिसके लिए वे नितिन नबीन की पीठ पर हाथ रखते हैं। लेकिन उसी एक क्षण वाले दृश्य को काट कर भ्रम फैलाने के लिए वायरल वीडियो को ऐसा तैयार किया गया है जिससे यह लग रहा है कि पीएम मोदी ने नितिन नबीन को कैमरे के फ्रेम से बाहर करने के लिए धक्का दे दिया।

Avatar

Title:क्या नितिन नबीन को पीएम मोदी ने कैमरे के फ्रेम में आने के कारण धक्का दिया? यहां पढ़ें वायरल वीडियो की सच्चाई…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Misleading

Leave a Reply