
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक पर बैठे एक युवक को पुलिस वाले पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा हे हैं कि यह भोपाल का वीडियो है, जहां आदिल काजमी नाम का एक आदमी भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रच रहा था।वीडियो को असली घटना समझ कर शेयर किया जा रहा है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- भोपाल में ब्लास्ट करने का प्लान कर रहा आदिल काज़मी को हिरासत में लिया ।भोपाल में एक बड़ा धमाका करने की कथित साज़िश का मामला सामने आया है। सीबीआई
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें adimotorsports नाम के एक यूट्यूब अकाउंट पर मिला। यहां पर वीडियो को 28 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ मौजूद कैप्शन में लिखा हुआ था, “सीबीआई और पुलिस ने बाइकर को पकड़ा, भोपाल में धमाके की प्लानिंग कर रहा था (सैयद आदिल काज़मी) #मूवी #पिंचकुएलरु”।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें यहीं वीडियो ziyaneditzz नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। 4 दिसंबर 2025 को शेयर वीडियो के अनुसार यह शूटिंग का वीडियो है । लोग इसे असली मान रहे हैं, लेकिन असल में यह एक pinchkuelru नाम की फिल्म का एक हिस्सा है और इस किरदार को सैयद आदिल काजमी ने निभाया है। आदिल एक सम्मानित स्टंट राइडर हैं।
दोनों ही टाइटल में pinchkuelru नाम की एक फिल्म का हैशटैग मौजूद था, इसलिए इस कीवर्ड की मदद से गूगल सर्च किया, तो हमें मिलते-जुलते नाम वाला Tappinchukoleru फिल्म का पूरा वीडियो तेलुगु फिल्मनगर नाम के यूट्यूब अकाउंट पर अपलोड मिला।
इस दौरान हमें सैयद आदिल काजमी का फेसबुक अकाउंट भी मिला, इसके बाद हमने उनसे संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो Tappinchukoleru फिल्म की शूटिंग का है, जिसे बीते दिनों उन्होंने अपने यूट्यूब अकाउंट से शेयर किया था और यह फिल्म उन्होंने करीब 3-4 साल पहले शूट किया था।

निष्कर्ष– तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रच रहे आदिल काजमी को गिरफ्तार किए जाने के दावे से वायरल यह वीडियो असल में एक तेलुगु फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है।
Title:भोपाल में ब्लास्ट की प्लानिंग कर रहा शख्स पुलिस के हत्थे चढ़ा? नहीं, वीडियो एक फिल्म की शूटिंग का है….
Fact Check By: Sarita SamalResult: False


