
बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिन्ह वाला गमछा पहने कुछ लोगों को कहीं जाते हुए दिखाया गया है। इस दौरान कुछ लोग उन पर अंडा फेंकना शुरू कर देते हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार में वोट मांगने गए बीजेपी नेता को अंडे मारकर भगाया गया।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- बिहार में बीजेपी नेता पर हुआ अंडा से अटैक, अब बिहार में लोग वोट नही, अंडा डाल रहे हैं!
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया । परिणाम में वायरल वीडियो हमें ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 26 दिसंबर 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, घटना कर्नाटक के बेंगलुरु की है।
यहां पर भाजपा विधायक मुनिरत्न नायडू बेंगलुरु में एक कार्यक्रम में जा रहे थें और कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेंक दिए थें।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो से जुड़ी खबर हमें इंडिया टुडे की रिपोर्ट मिली। खबर के अनुसार, कर्नाटक के बेंगलुरु में राजराजेश्वरी नगर से भाजपा विधायक मुनिरत्न पर 25 दिसंबर 2024 को एक कार्यक्रम के दौरान अंडे फेंके गए थे। बेंगलुरु के लक्ष्मीदेवी नगर इलाके में 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
विधायक मुनिरत्न इस कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उनके ऊपर अंडे फेंक दिए।
विधायक पर एक महिला के साथ बलात्कार करने और धमकाने के आरोप में केस दर्ज है, वह जमानत पर बाहर थे और एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत की थी, इस दौरान उन पर अंडे से हमला हो गया।

नवभारत टाइम्स की खबर के अनुसार, मुनिरत्ना को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका कहना था कि अंडों में एसिड और हानिकारक रासायनिक पदार्थ भरा हुआ था।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, ये बिहार का नहीं बल्कि 2024 का कर्नाटक का वीडियो है। ये कर्नाटक के बेंगलुरु में 25 दिसंबर 2024 को भाजपा विधायक पर अंडे फेंके जाने की घटना का है।

Title:बीजेपी विधायक पर अंडा अटैक का ये वीडियो बिहार का नहीं है, बेंगलुरु का पुराना वीडियो है…
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading
