सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लेकर नहीं दिया आतंकी वाला बयान, भ्रामक दावे से पोस्ट वायरल…

Misleading Sports

पाकिस्तानी खिलाड़ी साहिबजादा फरहान के लिए ‘गन सेलिब्रेशन’ पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नहीं दिया है आतंकी वाला बयान।

अभी हाल ही में एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। इसी मैच के दौरान पाकिस्तान के क्रिकेटर साहिबजादा फरहान ने मैच में 50 रन बनाने के बाद ‘बंदूक चलाने’ जैसा यानी गन सेलिब्रेशन किया था। वहीं मैच के ख़त्म होने के बाद हुई एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से जोड़ कर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के नाम से एक पोस्ट शेयर किया जा रहा है। जिसके साथ दावा है कि जब एक पत्रकार ने सूर्यकुमार यादव से फरहान के ‘बंदूक’ वाले एक्शन को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे। यूज़र ने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन लिखा है…

अरे #skylovers अखिलेश बुरा मान जइयन हो भारत पाकिस्तान से क्रिकेट 75 साल से खेल रहा है लेकिन ऐसा बेबाक खिलाडी कम ही मिलते हैं सब सेक्युलर भांड धनपशु मिला लगभग लेकिन ये शेर गजब का बेबाक है..प्रेस में पत्रकार का सवाल : inki mai का dhocho (ये लाइन पत्रकार के #मन_की_बात है)”साहिबज़ादा फरहान के अजीबोगरीब सेलिब्रेशन पर आपका क्या कहना है?”#sky : “जिस देश की पहचान ही आतंकवाद हो, वहाँ के नागरिकों से सभ्यता की उम्मीद करना बेकार है।आतंक की धरती से आए खिलाड़ी, आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे।” #सूर्या ने एक बार फिर इन भिखारियों की इनकी औकात दिखा दी !!

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में सबसे पहले मीडिया रिपोर्टों को ढूंढना शुरू किया, जिनसे यह पता चले की क्या वाकई में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसा कोई बयान दिया है। परंतु हम ऐसे किसी भी नतीजे तक नहीं पहुंचें जो वायरल दावे की पुष्टि करता हो। 

फिर हमने आगे बढ़ते हुए वायरल तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम हमें Asian Cricket Council के यूट्यूब चैनल पर सूर्यकुमार यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस की लाइव स्ट्रीमिंग वाली वीडियो प्राप्त हुई। इस पूरे वीडियो को देखने पर कहीं पर भी हमें ऐसा कोई बयान नहीं मिला जैसा की वायरल दावे में है। हालांकि उन्होंने पाकिस्तान को हराने के बाद हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह कहा था कि अब आप लोगों को अब राइवलरी के बारे में पूछना बंद कर देना चाहिए।

निम्न में पूरा वीडियो देखें।

फिर हमें 22 सितंबर 2025 को छपी नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट मिली, जिसमें सूर्यकुमार यादव के वायरल स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, मैच के बाद एक पत्रकारों के सवाल पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा था कि, “हमें अब भारत बनाम पाकिस्तान मैचों को प्रतिद्वंद्विता कहना बंद कर देना चाहिए। अगर दो टीमें 15-20 मैच खेल रही हैं और स्कोर लाइन 7-7 या 8-7 है तो आप उसको राइवलरी कहोगे। अगर स्कोर लाइन 10-1 या 13-0 है, मुझे सही स्टैट नहीं मालूम, पर यह फिर राइवलरी नहीं रही।”

यहीं खबर हमें दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 22 सितंबर को छपी हुई मिली। जिसके अनुसार, पाकिस्तान के प्रदर्शन के सवाल पर सूर्यकुमार ने कहा था, “मुझे ऐसा लगता है कि अब आपको इंडिया-पाकिस्तान प्रतिद्वंद्विता पर सवाल पूछना बंद कर देना चाहिए। जब पत्रकार ने कहा कि वह ‘मानकों, न कि प्रतिद्वंद्विता’  की बात कर रहा है, तो भारतीय कप्तान ने कहा कि प्रतिद्वंद्विता और मानक एक ही हैं। अब प्रतिद्वंद्विता क्या है? अगर दो टीमों ने 15 मैच खेले हैं और स्कोर 8-7 है, तो वह प्रतिद्वंद्विता है। यहां तो स्कोर 13-1 (12-3) या कुछ ऐसा है। तो अब दोनों टीमों के बीच कोई मुकाबला नहीं है।”

स्पष्ट है कि हमें मिले साक्ष्यों से यह कहीं भी सामने नहीं आया कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसा कोई बयान दिया है। इसलिए उनके नाम से फैलाया जा रहा वायरल बयान पूरी तरह फर्जी है। 

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि पाकिस्तानी क्रिकेटर साहिबजादा फरहान के ‘बंदूक’ वाले सेलिब्रेशन पर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ‘आतंक की धरती से आए खिलाड़ी आतंक जैसा ही बर्ताव करेंगे’ ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। 21 सितंबर को खेले गए भारत-पाकिस्तान मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस के पूरे वीडियो को देखने से यह स्पष्ट होता है कि वायरल पोस्ट पूरी तरह भ्रामक है। 

Avatar

Title:सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लेकर नहीं दिया आतंकी वाला बयान, भ्रामक दावे से पोस्ट वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha  

Result: Misleading