
सोशल मंचो पर अकसर राजनेताओं के बारे में गलत खबर फैलाकर उनकी छवि को धूमिल किया जाता रहा है। फैक्ट क्रेसेंडो ने ऐसी कई खबरों की सच्चाई आप तक पूर्व में भी पहुँचायी है। पिछले कई दिनों से सोशल मंचो पर तस्वीरों के माध्यम से विनय दुबे व भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद को देख सकते है। उनके बारे में दावा किया जा रहा है कि ये दोनों दूसरे धर्म से संबन्ध रखते है व खुद को हिंदू बताते है।
वायरल हो रही तस्वीर में लिखा है, “बाप का नाम महमूद और बेटा विनोद दूबे। मूल नाम- नसीमुद्दीन खान नकली नाम चंद्रशेखर रावण”
और पोस्ट के शीर्षक में लिखा है,
“बाप का नाम महमूद और बेटे का नाम विनोद दुबे-मुंबई रेलवे स्टेशन कांड।मूल नाम नसीमुद्दीन खां और नकली नाम चंद्रशेखर रावण।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
दावा सरासर गलत है। तस्वीर में दिख रहे विनय दुबे के पिता का नाम जटाशंकर परमानंद दुबे है, और भीम आर्मी चीफ का असल नाम चंद्रशेखर आज़ाद ही है। |
सबसे पहले उपरोक्त तस्वीर को गौर से देखने के बाद हमने अनुमान लगाया कि जिस शख्स की तस्वीर के नीचे विनोद दुबे लिखा हुआ है, उनका नाम विनय दुबे हो सकता है। आपको बता दें कि मुंबई के बांद्रा में लॉकडाउन के दौरान प्रवासी कामगारों ने रेल्वे स्टेशन पर जमघट कर घर लौटने के लिए आंदोलन किया था उसके पिछे नेता विनय दूबे का नाम सामने आया था। इस तस्वीर की पुष्टि करने के लिए हमने इंटरनेट पर कीवर्ड सर्च किया तो हमें समाचार लेख मिले जिनमें वायरल हो रही तस्वीर को विनय दुबे के नाम संबोधित किया गया है।
इसके बाद की जाँच हमने कीवर्ड सर्च के माध्यम से की। हमने इंटरनेट पर नेता विनय दुबे व भीम आर्मी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद के असल नाम की खोज की तो हमें लेख मिले जिनमें चंद्रशेखर आज़ाद रावण के नाम की जानकारी व विनय दुबे के पिता की जानकारी दी हुई है।
- लेख के मुताबिक चंद्रशेखर रावण का नाम चंद्रशेखर आज़ाद “रावण” है। उनके माता व पिता का नाम कमला देवी व गोवर्धन दास है।
इसके पश्चात हमने चंद्रशेखर आज़ाद रावण से संपर्क करने की कोशिश की तो हमारी बात उनके प्रवक्ता आशिष बौद्ध से हुई और उन्होंने इस दावे को गलत बताया है। उन्होंने कहा,
“चंद्रशेखर भाई के बारे में जो दावा वायरल हो रहा है वह बिलकुल गलत है। उनका नाम नसिमुद्दीन खान नहीं है बल्की चंद्रशेखर आज़ाद रावण है। उनके बारे में अफवाह फैलायी जा रही है। इस विषय में हमारे कुछ कार्यकर्ताओं ने साइबर क्राइम को शिकायत पत्र भी दिया है।“
- समाचार लेख के मुताबिक विनय दुबे के पिता एक रिक्शा चालक है व उनका नाम जटाशंकर दूबे है।
समाचार लेख में विनय दूबे की उम्मीद्वारी के विषय में दी गयी जानकारी को ध्यान में रखते हुए हमने चुनाव आयोग की वैबसाइट पर विनय दुबे की निजी जानकारी हासिल की। वहाँ साफ शब्दों में उनके पिता का नाम जटाशंकर परमानंद दूबे लिखा हुआ है।
इसके पश्चात हमने विनय दूबे से संपर्क किया तो उन्होंने हमें बताया कि,
“वायरल हो रही तस्वीर मेरी ही है। इस वर्ष लॉकडाउन के दौरान बांद्रा में प्रवासी कामगारों के संदर्भ में हुई घटना के बाद मेरे बारे में इंटरनेट पर ऐसी खबर वायरल होती चली आ रही है। मेरे पिता का नाम महमूद नहीं बल्की जटाशंकर दुबे है। सोशल मंचो पर वायरल हो रही खबर गलत है। आप चुनाव आयोग की वैबसाइट पर मेरा एफिडेविट देख सकते है, उसमें आपको मेरे बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी।“
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात उपरोक्त हमने उपरोक्त दावे को गलत पाया है। विनय दुबे के पिता का नाम जटाशंकर दुबे है व भीम आर्मी चीफ का असली नाम चंद्रशेखर आज़ाद रावण ही है।

Title:विनय दुबे व चंद्रशेखर आज़ाद “रावण” को अन्य धर्म से जोड़कर उनके बारे में गलत दावे किये जा रहे हैं।
Fact Check By: Rashi JainResult: False
