ट्रंप का पुराना बयान क्लिप्ड कर पीएम मोदी को धमकाए जाने के भ्रामक संदर्भ से वायरल….

International Misleading

ट्रंप ने पीएम मोदी के राजनीतिक करियर को खत्म करने बयान नहीं दिया। उन्होंने व्यंग के तौर पर ऐसा कहा था, जिसके एक अंश को गलत दावे के साथ प्रधानमंत्री मोदी को धमकाए जाने के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

एपस्टीन फाइल्स से जुड़े विवादों के बीच सोशल मीडिया पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में यह कहते हैं कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर को नष्ट कर सकते हैं। यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर इस दावे से साझा कर रहे हैं कि ट्रंप ने यह बयान मोदी को धमकी दिए जाने के संदर्भ में दिया है। वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…

ट्रंप का चौंकाने वाला बयान :“मैं उसके राजनीतिक करियर को बर्बाद नहीं करना चाहता”ट्रंप दुनिया के सामने आय दिन हमारे देश का अपमान और PM मोदी को धमकी देता रहता है लेकिन PM मोदी चुप्पी साधे रहते हैं..?ऐसी कौन सी फाइल है PM मोदी की ट्रंप के पास जो इतना मजबूर हैं..?

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। परिणाम में हमें न्यूज़ एजेंसी एएनआई के एक्स हैंडल पर 16 अक्तूबर 2025 को पोस्ट किया हुआ मिला। हमने पाया कि यह वीडियो वायरल वीडियो का विस्तृत संस्करण था, जब US के नए एम्बेसडर सर्जियो गोर और PM नरेंद्र मोदी के बीच मीटिंग हुई थी। जिससे जोड़ते हुए सवालों पर ट्रंप से पीएम मोदी को लेकर एक सवाल किया जाता है और ट्रम्प कहते हैं, “मोदी एक महान व्यक्ति हैं। वह मुझे पसंद करते हैं। अब, मुझे नहीं पता कि ‘पसंद’ शब्द का क्या अर्थ है… मैं इसे किसी और तरह से नहीं लेना चाहता। मैं उनके राजनीतिक करियर को बर्बाद नहीं करना चाहता।” इससे साफ तौर पर पता चलता है कि ट्रंप ने हल्के फुल्के अंदाज में पीएम मोदी के बारे में प्रेम शब्द को लेकर वायरल वक्तव्य दिया था। उन्होंने पीएम मोदी को धमकी देते हुए करियर खत्म करने की बात नहीं की थी। 

इसके बाद हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की 16 अक्टूबर, 2025 की रिपोर्ट मिली, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक करियर पर ट्रंप के बयान को ‘मजाक’ बताया गया था।

जबकि इंडिया टुडे ने इस बयान पर यह बताया कि ट्रंप ने मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘महान व्यक्ति’ बताया जो ‘ट्रंप से प्यार करते हैं’। उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि वह नहीं चाहते थे कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से लिया जाए या इससे मोदी के राजनीतिक करियर पर कोई असर पड़े।

और खोजने पर हमें पूरी प्रेस ब्रीफिंग पीबीएस न्यूजऑवर के यूट्यूब चैनल पर मिली। यहां पर वीडियो को 16 अक्टूबर 2025 में अपलोड किया गया था। डोनाल्ड ट्रम्प ने एफबीआई निदेशक काश पटेल के साथ प्रेस को संबोधित किया था। इसी में 37:30 मिनट पर ट्रंप को ‘मोदी ट्रंप से प्यार करते हैं’ कहते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने आगे कहा, “मैंने भारत को वर्षों से देखा है। यह एक अद्भुत देश है, और हर साल एक नया राजनीतिक नेता होता है। मेरा मतलब है, कुछ नेता कुछ महीनों के लिए ही सत्ता में रहते हैं, और यह सिलसिला साल दर साल चलता रहा। मेरे मित्र लंबे समय से सत्ता में हैं, और उन्होंने मुझे आश्वासन दिया है कि रूस से तेल की कोई खरीद नहीं होगी।” लेकिन इस पूरे सम्मेलन को देखने के बाद हमें ऐसा कोई भी उदाहरण नहीं मिला, जिसमें उन्होंने यह कहा हो कि अगर वह चाहें तो मोदी का करियर बर्बाद कर सकते हैं।

अब हमें इस मामले में कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं, जिसमें ट्रंप के इस वायरल वीडियो के संदर्भ में भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा टिप्पणी किए जाने सम्बंधित खबरें प्रकाशित की गई हैं। 12 फरवरी 2026 की द लल्लनटॉप की रिपोर्ट में छपी खबर के अनुसार,”अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने पिछले साल अक्टूबर में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनैतिक करियर को लेकर एक टिप्पणी की थी। उनकी टिप्पणी वाला पुराना वीडियो इन दिनों फिर से सोशल मीडिया पर वायरल है। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस वायरल वीडियो पर टिप्पणी की है। MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि विदेश मंत्रालय इस वीडियो पर उचित कार्रवाई करेगा।”

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार,”अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल अक्टूबर में व्यापार समझौते और टैरिफ को लेकर अमेरिका-भारत संबंधों में तनाव के बीच प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक करियर के बारे में यह अजीबोगरीब टिप्पणी की थी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर पर की गई टिप्पणी का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर फिर से वायरल होने के बाद वह “उचित कार्रवाई” करेगा। ट्रंप ने यह विचित्र टिप्पणी पिछले साल अक्टूबर में भारत-अमेरिका के संबंधों में व्यापार समझौते और दिल्ली द्वारा रूस से तेल खरीदने से जुड़े शुल्कों को लेकर तनाव के बीच मजाक में की थी।”

हमें ANI के एक्स पर भी एक पोस्ट मिला। इसमें MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक करियर पर की गई टिप्पणी के पुराने वीडियो के सोशल मीडिया पर फिर से वायरल होने पर “उचित कार्रवाई” की बात कर रहे हैं।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि पीएम मोदी के राजनीतिक करियर के बारे में ट्रंप का बयान बिना संदर्भ के साझा किया का रहा है। मूल वीडियो में, प्रधानमंत्री मोदी के करियर को ‘नष्ट’ करने के बारे में ट्रंप की टिप्पणी मज़ाक में की गई थी, जिसे संदर्भ से हटाकर भ्रामक रूप से धमकी के तौर पर फैलाया जा रहा है।

Avatar

Title:ट्रंप का पुराना बयान क्लिप्ड कर पीएम मोदी को धमकाए जाने के भ्रामक संदर्भ से वायरल….

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Misleading

Leave a Reply