ट्रंप की नीतियों के खिलाफ हुए ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन का वीडियो एपस्टीन फाइल्स से जोड़कर भ्रामक दावे से वायरल…

False International

यह वीडियो ट्रंप टावर के बाहर एपस्टीन फाइल्स से संबंधित प्रदर्शन का नहीं है, दावा फर्जी है।

इन दिनों एपस्टीन फाइल्स के सामने आने के बाद दुनिया भर में तहलका मचा हुआ है। दरअसल हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग ने अपराधी जेफरी एपस्टीन की जांच से जुड़े लगभग तीन मिलियन पेज के दस्तावेज, हजारों वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक किया है। जिनमें कई मशहूर हस्तियों के नाम सामने आए हैं। इसी से जोड़ते हुए दो अलग – अलग वीडियो के एक क्लिप को मिलाकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें हजारों की बड़ी सी भीड़ सड़क पर दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि एपस्टीन फाइल्स के सामने आने के बाद लोगों द्वारा ट्रंप टॉवर के सामने प्रदर्शन किया गया है। वीडियो इस कैप्शन के साथ फैलाया जा रहा है…

अमेरिका में जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों में डोनाल्ड ट्रंप का नाम आने के बाद न्यूयॉर्क के ट्रंप टावर के बाहर विरोध प्रदर्शन हुआ। सैकड़ों लोगों ने ट्रंप के इस्तीफे और सख्त कार्रवाई की मांग की। सोशल मीडिया पर भी मामले को लेकर तीखी बहस जारी है।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में यह देखा कि वायरल वीडियो में दो अलग-अलग क्लिप है।  इसलिए हमने दोनों को एक -एक कर चेक करना शुरु किया। हमने वायरल वीडियो की पहली क्लिप के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं वीडियो न्यूज़ज़ोन360 नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 10 जनवरी 2026 को पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें बताया गया था कि प्रदर्शनकारियों ने नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती के खिलाफ मार्च करने के लिए लॉस एंजिल्स और शिकागो की सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया, यह घटना बड़े “नो किंग्स” आंदोलन का हिस्सा थी जिसके तहत पूरे अमेरिका में प्रदर्शन हुआ था।

https://www.instagram.com/reels/DTVFXFxDKG-

फिर हमें यहीं वीडियो blockclubchi नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 19 अक्टूबर 2025 को पोस्ट किया हुआ मिला। इस वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया था “नो किंग्स विरोध प्रदर्शन मिशिगन एवेन्यू पर उत्तर की ओर बढ़ रहा है।” 

साथ ही यह वीडियो ‘thetrid.ent’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया गया था। जिसे 19 अक्टूबर 2025 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के अनुसार, “18 अक्टूबर 2025 को अमेरिका के सभी 50 राज्यों में लाखों लोग राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के प्रशासन के खिलाफ ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन में सड़कों पर उतर आए। यह अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा एकदिवसीय प्रदर्शन था, जिसमें लगभग 70 लाख लोगों ने 2,700 से ज्यादा अलग स्थानों पर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप के खिलाफ नारेबाजी की और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे थें।”

https://www.instagram.com/reel/DP9lF3eEsiO

मिली जानकारी से आगे सर्च करने पर हमें दी गार्जियन और बीबीसी की वेबसाइटों पर भी इस प्रदर्शन से संबंधित खबरें मिलीं। रिपोर्ट 19 अक्टूबर 2025 में प्रकाशित है जिसके अनुसार, ”अमेरिका में ‘नो किंग्स’ विरोध प्रदर्शनों के दौरान न्यूयॉर्क सिटी,वॉशिंगटन डीसी, शिकागो, मियामी और लॉस एंजिल्स प्रमुख केंद्र रहा, जहां हजारों लोग सड़कों पर उतरे और राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी टाइम्स स्क्वायर सहित शहर के कई हिस्सों में जुटे।

अब हमने दूसरे क्लिप का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें न्यूज़एक्स वर्ल्ड नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो मिला, यहां इसे 18 जनवरी, 2026 को पोस्ट किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “प्रदर्शनकारियों को डोनाल्ड ट्रंप के नाम की तरफ उंगली दिखाते हुए देखा गया, इस इशारे का इस्तेमाल गुस्से और राजनीतिक विरोध के संकेत के तौर पर किया गया था। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप की नीतियों और लीडरशिप को लेकर निराशा जताई।”

https://www.facebook.com/reel/907645675110062

यह वीडियो ‘newsnview’ नाम के एक यूट्यूब चैनल द्वारा 16 जनवरी 2026 को अपलोड किया गया है। जिसके अनुसार, “जनवरी 2026 में न्यूयॉर्क सिटी में हजारों प्रदर्शनकारी ‘नो वॉर, नो किंग्स, नो ICE’ मार्च में शामिल हुए थें।” इस दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे कार्यकाल का पहला साल पूरे होने के बाद लोगों ने विरोध किया था और सरकार की नीतियों पर चिंता जताई थी। यह मार्च फिफ्थ एवेन्यू पर स्थित ट्रंप टॉवर के पास से गुजरा, जहां लोगों ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

हमें सीबीएस न्यूयॉर्क नाम से एक यूट्यूब चैनल पर इससे जुड़ी रिपोर्ट 21 जनवरी 2026 को पोस्ट की हुई मिली।

CBS News के यूट्यूब चैनल पर भी ट्रंप टावर के बाहर हुए प्रदर्शन के वीडियो को 21 जनवरी 2026 में अपलोड किया हुआ देख सकते हैं। पता चलता है कि  20 जनवरी को न्यूयॉर्क में ट्रंप टॉवर के सामने सड़क पार बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए थें जो डोनल्ड ट्रंप के दोबारा सत्ता में लौटने के एक साल पूरे होने के मौके प्रोटेस्ट कर रहे थें। 

इसलिए हम कह सकते हैं वायरल दोनों क्लिप का एप्सटीन फाइल्स के विरोध में हो रहे प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है।  

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह दोनों ही वीडियो ट्रंप की नीतियों के खिलाफ हुए ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन से सम्बंधित है। इसका एप्सटीन फाइल्स के विरोध में हो रहे हालिया प्रदर्शन का किया जा रहा दावा पूरी तरह भ्रामक है।

Avatar

Title:ट्रंप की नीतियों के खिलाफ हुए ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन का वीडियो एपस्टीन फाइल्स से जोड़कर भ्रामक दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha  

Result: False