बिहार चुनाव के बीच नीतीश कुमार के खिलाफ चिराग पासवान का पुराना वीडियो शेयर किया जा रहा है।

बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें चिराग नीतीश कुमार पर हमला करते हुए दिखाई देते हैं। चिराग कहते हैं कि,”मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से कि क्यों 18 साल से मुख्यमंत्री होने के बावजूद बिहार के हालात इतने बदतर हैं? क्यों बिहार में अब तक इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप नहीं हुआ? क्यों बिहार में अपराध अभी तक नियंत्रित नहीं हुआ? क्यों भ्रष्टाचार की देन हर योजना चढ़ती है?” यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि चिराग पासवान का नीतीश कुमार के लिए ऐसा बयान हाल में दिया गया है। क्यूंकि चिराग की सीट पर नीतीश कुमार ने प्रचार करने से मना कर दिया था।वहीं वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
नीतीश कुमार को दलितों का पासवानों का वोट चाहिए। लेकिन चिराग पासवान के सीट पर वो प्रचार नहीं करेंगें! इसीलिए चिराग भड़के! अब तो चुनाव में होगा बवाल
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में गूगल पर वीडियो के बारे में कीवर्ड्स से खोजना शुरू किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो का लंबा वर्ज़न केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के आधिकारिक फ़ेसबुक पेज पर मिला। यहां पर वीडियो को 23 जून 2023 को पोस्ट किया गया था। इसके साथ कैप्शन लिखा था,“मैं चाहता हूं कि जितने भी विपक्षी दल के नेता हैं, सभी मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से एक सवाल ज़रूर करें कि उनके 18 वर्षों के शासनकाल के बावजूद बिहार अब तक पिछड़े राज्यों की श्रेणी में क्यों है?”
इसमें चिराग पासवान नीतीश कुमार पर सवाल उठाते हुए कहते हैं, “आज पूरा विपक्ष को एकजुट करने का प्रयास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के द्वारा किया गया। मैं चाहता हूं कि जितने भी विपक्षी दल के नेता बिहार आए हैं विपक्ष को एकजुट करने की सोच के साथ। वो सबसे पहले नीतीश कुमार जी से सवाल पूछें। वो मुख्यमंत्री भी उनसे सवाल पूछें जिनके राज्यों में सबसे ज़्यादा बिहारी युवा जाते हैं- शिक्षा के लिए, रोज़गार के लिए। इसी में आगे चिराग कहते हैं, “वो पूछें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से क्यों 18 साल से मुख्यमंत्री होने के बावजूद बिहार के हालात इतने बदतर हैं? क्यों बिहार में अब तक इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलप नहीं हुआ? क्यों बिहार में अपराध अभी तक नियंत्रित नहीं हुआ? क्यों भ्रष्टाचार की देन हर योजना चढ़ती है? जहां एक तरफ़ पुल हवा में गिरता है, वहीं दूसरी तरफ़ बाँध को चूहे कुतर जाते हैं।”
वहीं वीडियो में चिराग को शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और मज़दूरों के मुद्दों पर नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए उनके नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए दिखाई देता है।
हमें यह वीडियो लोजपा (रामविलास) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी के फेसबुक पेज पर भी मिला। यहां पर वीडियो को 23 जून 2023 को शेयर किया गया था।
पड़ताल में हमने पाया कि चिराग पासवान का यह वीडियो उस समय का है, जब बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू, आरजेडी, कांग्रेस और वाम दलों के साथ महागठबंधन सरकार में थी।
और चिराग पासवान का यह वीडियो पटना में 23 जून 2023 को हुई विपक्षी दलों की बैठक की है, जिसमें देशभर के गैर-बीजेपी दलों ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में एकजुट होकर चुनाव लड़ने की रणनीति पर चर्चा की थी। इस बैठक की मेजबानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने की थी।
वहीं बैठक में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, एमके स्टालिन, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे और महबूबा मुफ़्ती समेत कुल 17 राजनीतिक दलों के नेता शामिल हुए थे।
इसलिए हम कह सकते हैं कि नीतीश कुमार के खिलाफ बयान देने वाला चिराग पासवान का वायरल यह वीडियो अभी के दिनों का नहीं है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि चिराग पासवान ने नीतीश कुमार के खिलाफ ऐसा कोई भी बयान हाल के दिनों में नहीं दिया है। असल में यह वीडियो पुराना है और साल 2023 का है जब नीतीश कुमार महागठबंधन का हिस्सा थें।
Title:नीतीश कुमार पर हमला करते चिराग पासवान का पुराना वीडियो, मौजूदा बिहार चुनाव से जोड़ कर भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult:Missing Context


