
नए साल की शुरुआत से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग एक ट्रेन में लगी आग को बुझााते हुए दिखाई दे रहे हैं।वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा हैं कि एक जनवरी को लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ ट्रेन में आग लग गई।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- 1/1/2026 लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ ट्रेन मे लगी आग

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो की खबर हमें एनडीटीवी इंडिया यूट्यूब चैनल पर मिली। यहां पर वीडियो को 18 अक्टूबर 2025 को अपलोड किया गया है। इससे ये साफ है कि वीडियो हाल का नहीं है।

प्रकाशित खबर के अनुसार धनतेरस के दिन लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ ट्रेन में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया।पंजाब के सरहिंद स्टेशन के करीब पहुंचते ही ट्रेन संख्या 12204 अमृतसर-सहरसा के एक डिब्बे में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, 19 नंबर बोगी में यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, इस ट्रेन में लुधियाना के कई व्यापारी सफर कर रहे थे। आग लगते ही वहां अफरातफरी मच गई। लोको पायलट ने मुस्तैदी दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को तुरंत रोका, जिसके बाद बोगी में सवार यात्री अपना सामान लेकर तुरंत नीचे उतरे। अफरातफरी के बीच ट्रेन से उतरने में कई यात्रियों को चोटें भी आई हैं।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर यहीं खबर हमें यहां,यहां और यहां पर भी मिली, जिसे 18 अक्टूबर 2025 में प्रकाशित देख सकते हैं।पता चलता है कि, लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लग गई थी, जिसके बाद रेलवे स्टाफ और यात्रियों की सतर्कता के कारण सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। प्रारंभिक जांच में कंप्रेसर फटने को आग लगने का कारण बताया गया था।
इसके अलावा अमर उजाला की वेबसाइट पर 18 अक्टूबर 2025 को छपी खबर में लिखा है कि सरहिंद रेलवे स्टेशन से ट्रेन के निकलने के बाद यात्रियों को कोच से धुआं उठते दिखा। इसके बाद रेलकर्मियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस में सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास 18 अक्टूबर 2025 को आग लग गई थी। उसी हादसे के वीडियो को हालिया बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
Title:गरीब रथ एक्सप्रेस में आग लगने का वीडियो हालिया घटना नहीं , दावा फर्जी..
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading


