गुजरात में पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन का दावा फर्जी, दिल्ली के वीडियो को गलत संदर्भ में फैलाया जा रहा है।

इंटरनेट पर पीएम मोदी से जोड़ते हुए एक वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें उनके खिलाफ एक प्रदर्शन को दिखाया गया है। इसमें प्रदर्शनकारियों को गुजरात में पीएम आवास कूच करते हुए दिखाया गया है जो धमकी देते हुए कहते हैं कि नरेंद्र मोदी को उखाड़ फेंकना है। यह वीडियो साझा करने वाले यूज़र का दावा है कि वीडियो गुजरात का है जहां पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन हुआ है। यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…
गुजरातियों ने कहा नरेंद्र मोदी को उखाड़ के फेंकना है देश से
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसमें हमें प्रदर्शन के दौरान झंडे पर ‘यूथ कांग्रेस’ लिखा हुआ नजर आया। साथ ही जो व्यक्ति मीडियाकर्मी से बात करता है उस मीडियाकर्मी के हाथ में ‘लोकतंत्र टीवी’ लोगो वाली माइक दिखाई देती है। काफी हद तक पता चलता है कि प्रदर्शन यूथ कांग्रेस का है।

इस प्रकार से मिली जानकारी के बाद हमने खोज शुरू की तो परिणाम में हमें लोकतंत्र टीवी के यूट्यूब चैनल पर 10 फरवरी को अपलोड की हुई एक वीडियो रिपोर्ट मिली। जिसके साथ कैप्शन में लिखा गया था, “PM Modi को घेरने निकले लाखों लोग बीच सड़क पर पुलिस से हुई झड़प ! Epstein File पर हड़कंप !”वहीं वीडियो में 1:03 के टाइमफ्रेम पर वायरल वीडियो से मिलते हुए दृश्य दिखाई देते हैं जो बताते हैं कि यह प्रदर्शन गुजरात का नहीं बल्कि, दिल्ली का है।
फिर हमें देव चौधरी नाम के एक फेसबुक यूजर के अकाउंट पर भी यहीं वीडियो मिला,जिसे 10 फरवरी को अपलोड किया गया था। यहां भी वीडियो को दिल्ली का बताते हुए #EpstineFiles के साथ लिखा गया है कि हजारों कांग्रेसी, प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले।
हमने वीडियो पर स्पष्टीकरण के लिए देव चौधरी से संपर्क किया। इनके हवाले से यह खंडन किया गया है “यह वीडियो गुजरात का नहीं है बल्कि,दिल्ली में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का है जो एपस्टीन फाइल्स को लेकर प्रदर्शन कर रहे थें।“
आगे सर्च करने पर हमें मिड डे डॉट कॉम पर एक खबर मिली जो 10 फरवरी 2026 को छपी थी। खबर में कई तस्वीरों का इस्तेमाल करते हुए बताया गया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया था।
इस प्रदर्शन से जुड़ी रिपोर्ट को यहां और यहां पर देख सकते हैं जो स्पष्ट करते हैं कि दिल्ली में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन का वीडियो गुजरात का बताकर भ्रम फैलाया गया है।
निष्कर्ष
हमें मिले साक्ष्यों द्वारा यह पुष्टि होती है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो 10 फरवरी 2026 को दिल्ली में हुए प्रदर्शन का है जिसे गुजरात का बताकर फर्जी रूप में शेयर किया जा रहा है।
Title:दिल्ली में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का वीडियो, गुजरात में पीएम मोदी के विरोध के नाम पर वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


