बिहार के पटना स्थित बीजेपी दफ्तर में नहीं हुई आगजनी, लेह में बीजेपी दफ्तर में आग लगने के वीडियो को किया जा रहा है वायरल…

Misleading Political

बिहार में बीजेपी दफ्तर जलाए जाने का गलत है दावा, लेह का है वायरल वीडियो।

इस बार के बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया है। वहीं महागठबंधन को केवल 35 सीटें मिलीं है। इसी पृष्ठभूमि में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक इमारत में आग लगी हुई दिखाई दे रही है और आसपास मौजूद लोगों की आवाजें सुनाई दी रही है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो बिहार की राजधानी पटना का है जहां पर बीजेपी दफ्तर में आग लगा दी गई। यानी बिहार धीरे-धीरे नेपाल बनने की राह पर चल पड़ा है। 

क्या बिहार धीरे धीरे नेपाल बन रहा है

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। परिणाम में हमें 24 सितंबर 2025 को टाइम्स नाउ नवभारत के एक्स हैंडल से पोस्ट किया गया यही वीडियो मिला। रिपोर्ट में इस वीडियो को लेह का बताया गया है, जहां पूर्ण राज्य की मांग को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बीजेपी दफ्तर को आग के हवाले कर दिया था।

इसके बाद हमें वायरल वीडियो के दृश्य, एएनआई के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में दिखाई दिए। यहां पर वीडियो को  24 सितंबर 2025 को अपलोड किया गया था। यहां भी वीडियो को प्रदर्शनकारियों द्वारा लेह के बीजेपी दफ्तर में लगाई गई आग का ही बताया गया है।

24 सितंबर 2025 को लाइव हिन्दुस्तान के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किये गए वीडियो रिपोर्ट में भी वायरल वीडियो के दृश्य देख सकते हैं। रिपोर्ट में बताया गया कि लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल किए जाने की मांग को लेकर पर्यावरणविद सोनम वांगुचक भूख हड़ताल पर बैठे थे। इस दौरान छात्रों और पुलिस में भिड़ंत हो गई थी। लेकिन हालात बिगड़ने पर उग्र भीड़ ने बीजेपी दफ्तर समेत कई अन्य प्रतिष्ठानों को आग के हवाले कर दिया था।

26 सितंबर 2025 को छपी आज तक की रिपोर्ट से पता चलता है कि, आगजनी की घटना के बाद सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी हुई थी।

हमें प्रदर्शन से जुड़ी रिपोर्ट ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी प्रकाशित मिली। इसमें बताया गया है कि लद्दाख के लेह में एक बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान बुधवार को छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। यह विरोध प्रदर्शन लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और उसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हो रहा था। प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए और प्रदर्शनकारियों ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यालय में आग लगा दी।

हालांकि हमने दावे से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स को सर्च किया। लेकिन हमें कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें बिहार के बीजेपी दफ्तर में आगजनी की हालिया घटना के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित हो। इसलिए हम कह सकते हैं कि वायरल वीडियो को बिहार की घटना बता कर असंबंधित दावा किया गया है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, वायरल वीडियो सितंबर 2025 का है, जब लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और उसे संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने लेह में बीजेपी दफ्तर में आग लगा दी थी। इसका बिहार की राजधानी पटना में बीजेपी दफ्तर में आग लगाने की हालिया घटना से कोई संबंध नहीं है। 

Avatar

Title:बिहार के पटना स्थित बीजेपी दफ्तर में नहीं हुई आगजनी, लेह में बीजेपी दफ्तर में आग लगने के वीडियो को किया जा रहा है वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Misleading