इस वीडियो पर प्रयागराज पुलिस और इसमें दिख रहे वैभव त्रिपाठी ने इस दावे का स्पष्टिकरण दिया है। उन्होंने इस खबर को भ्रामक व फेक बताया है।

एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। उसमें आप एक शख्स को मंदिर में पैर पीछे की तरफ मोडकर बैठे हुये देख सकते है। दावा किया जा रहा है कि वह शख्स मंदिर में नमाज़ पढ़ रहा है। उसमें जानकारी दी गयी है कि यह प्रयागराज के सिविल लाइन्स क्षेत्र के हनुमान मंदिर का वीडियो है।
आप नीचे दिये गये पोस्ट में देख सकते है।
Read Also: क्या लुलु मॉल में मुस्लिम बनकर आये हिंदुओं को नमाज़ पढ़ने के लिये गिरफ्तार किया गया? जानिए सच
अनुसंधान से पता चलता है कि…
इस बात की जाँच करने के लिये हमने गूगल पर कीवर्ड सर्च किया। हमें नवभारत टाइम्स पर 19 सितंबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। उसमें बताया गया है कि यह घटना उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सिविल लाइंस क्षेत्र में स्थित एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर की है।
उसमें बताया गया है कि जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुये उसपर कार्रवाई की। उन्होंने इस वीडियो में दिख रहे युवक की खोज की। पुलिस के मुताबिक प्रयागराज में पन्नालाल रोड पर रहने वाला वैभव त्रिपाठी है। पुलिस ने इस दावे का खंडन करते हुये इसे गलत बताया है।
फैक्ट क्रेसेंडो ने इस बारे में पुष्टि करने के लिये प्रयागराज के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय से बात की। उन्होंने हमें बताया कि, “इंटरनेट पर वायरल हो रहा दावा गलत है। वीडियो में दिख रहे शख्स का नामक वैभव त्रिपाठी है। वह रोड हनुमान मंदिर पूजा करने जाता है। उस दिन भी वह वज्र आसन में बैठकर पूजा कर रहा था और किसी ने उसका वीडियो लेकर गलत तरीके से शेयर कर दिया। वह शख्स हिंदू ही है।“
जाँच में आगे बढ़ते हुये हमने देखा कि प्रयागराज पुलिस ने 19 सितंबर को अपने ट्वीटर हैंडल पर इसका स्पष्टिकरण भी दिया है। उसमें उन्होंने वैभव त्रिपाठी का वीडियो में शेयर किया है। आप नीचे दिये गये ट्वीट में देख सकते है।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। इसमें दिख रहा शख्स नमाज़ नहीं पढ़ रहा है। वह वज्र आसन में बैठकर पूजा कर रहा है।

Title:वीडियो में दिख रहा शख्स मंदिर में नमाज़ नहीं पढ़ रहा है। जानिये इस वीडियो का सच…
Fact Check By: Samiksha KhandelwalResult: False
