
अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक घर में लगी आग को बुझाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ईरान के मिसाइल हमले में नेतन्याहू के घर में आग लग गई, जिसमें उनके भाई इद्दो नेतन्याहू की मौत हो गई।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- ब्रेकिंग: ईरान के मिसाइल हमले में नेतन्याहू के पारिवारिक घर को निशाना बनाया गया, रिपोर्ट्स के अनुसार उनके भाई इद्दो नेतन्याहू की मौत। यह रिपोर्ट महज दवा है अभी कोई सरकारी मीडिया की तरफ से मौत की पुष्टि नहीं हुई है

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें hcbphotography नाम के फेसबुक पेज पर 9 फरवरी 2026 को पोस्ट किया हुआ मिला। पोस्ट के कैप्शन में इसे पार्क प्लेस, गैलोवे न्यू जर्सी का वीडियो बताया गया।
मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर वायरल वीडियो की खबर हमें ब्रेकिंगएसी’ वेबसाइट पर प्रकाशित मिली। 10 फरवरी 2026 को अपलोड खबर के अनुसार, “गैलोवे टाउनशिप के एक घर में आग लगी। प्रॉपर्टी और आसपास के इलाकों में जमी बर्फ की वजह से फायरफाइटर्स का काम और मुश्किल हो गया था।
रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि आग लगने के कारण की जांच की जा रही है। घर में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
गैलोवे टाउनशिप पुलिस के अनुसार, अत्यधिक ठंड, बर्फबारी और पाले के कारण दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई। घर के मालिक ने धुआं देखते ही तुरंत मदद के लिए फोन किया और अलार्म बजाया। सौभाग्य से, घर के अंदर मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के घायल होने या मृत्यु की कोई खबर नहीं है।

हमने इस जगह को गूगल मैप्स पर सर्च किया तो हमें इस घर की तस्वीर मिली। कोलाज में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और गूगल मैप्स पर मिली तस्वीर को देखा जा सकता है।

नेतन्याहू के घर में आग या उनके भाई की मौत की पुष्टि नहीं-
इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक हमें मौजूदा संघर्ष के दौरान नेतन्याहू के आवास पर हमले या उनके भाई की मौत से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली है।
ईरान पर बड़ा हमला-
28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने कई हफ्तों की सैन्य तैयारी के बाद ईरान पर बड़ा हमला किया। ट्रुथ सोशल पोस्ट में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि इस ऑपरेशन का मकसद ईरान को न्यूक्लियर हथियार हासिल करने से रोकना और ‘ईरानी शासन से आने वाले खतरों को खत्म करके अमेरिकी लोगों की रक्षा करना’ है।
इसके बाद ईरान ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल, बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात सहित पूरे मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया। अमेरिका और इजरायल के हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई है।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, इजरायली पीएम नेतन्याहू के घर पर हमले के दावे से वायरल वीडियो अमेरिका में हुए एक हादसे का है और युद्ध शुरू होने से पहले का है।


