भगवान राम और भगवान कृष्ण को अपना पूर्वज बताते आजम खान का वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि आठ साल पहले का है।

अभी हाल ही में सपा नेता आजम खान 23 सितंबर को जेल से बाहर आए थें। वे 22 अक्टूबर 2023 से जिला कारागार में थे। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें आजम खान भगवान राम और कृष्ण को अपना पूर्वज बताते दिख रहे हैं। यूजर्स इस वीडियो को हाल के दावे से यानी उनकी रिहाई के बाद का समझकर शेयर कर रहे हैं। वायरल वीडियो जिस तरह है पता चलता है कि इसमें उनका मजाक बनाया जा रहा है। वायरल वीडियो इस कैप्शन के साथ शेयर किया गया है…
जब शासक योगी जी जैसा हो तो,आजम खां जैसे को भी कहना पड़ता है हमारे आदर्श मुगल नहीं श्री राम कृष्ण है। वाह योगी जी वाह!
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वीडियो से जुड़ी कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च किया। परिणाम में हमें समाजवादी पार्टी के यूट्यूब चैनल पर 7 अक्टूबर 2017 को अपलोड किया हुआ वीडियो मिला। यह वीडियो वायरल वीडियो का मूल संस्करण है और इसमें हम वायरल वीडियो क्लिप को देख सकते हैं। जबकि यह जानकारी दी गई है कि आजम खान ने आगरा में 5 अक्टूबर 2017 को आयोजित सम्मेलन में लोगों को संबोधित किया था। इसमें 15:12 मिनट से वायरल वीडियो वाले क्लिप को देखा जा सकता है, जिसमें वे कहते हैं कि,“योगी जी, मुगल हमारे आदर्श नहीं हैं, हमारे आदर्श राम हैं, हमारे आदर्श कृष्ण जी भी हैं। लेकिन योगी जी हिन्दुस्तान की दूसरी आबादी आपसे जानना चाहती है, बताइए मोहम्मद साहब आपके आदर्श हैं या नहीं हैं।“
6 अक्टूबर, 2017 को प्रकाशित अमर उजाला की एक रिपोर्ट के अनुसार, आज़म खान ने सपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था कि, “हमारे आदर्श श्रीराम और कृष्ण हैं। मुगल हमारे आदर्श नहीं। हम बहादुर शाह और टीपू सुल्तान की नस्ल हैं। योगी बताएं कि मोहम्मद साहब उनके आदर्श हैं या नहीं।“

इसी मामले में 5 अक्टूबर 2017 को छपी एबीपी की रिपोर्ट के अनुसार , आजम खान ने यह भाषण सपा के दसवें राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान आगरा में दिया था।

निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, हाल ही में ज़मानत मिलने के बाद भगवान राम और भगवान कृष्ण को आजम खान ने अपना आदर्श नहीं बताया। बल्कि, उन्होंने यह बात आठ साल पहले आगरा में प्रधानमंत्री मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए कही थी। उसी समय के वीडियो को अभी का वीडियो बताया जा रहा है।

Title:आजम खान का भगवान राम और कृष्ण को अपना पूर्वज बताने वाला आठ साल पुराना वीडियो अभी का वीडियो बता कर वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Missing Context
