पुतिन का 8 साल पुराना सीरिया दौरे से जुड़ा वीडियो उनके हालिया भारत दौरे के नाम पर वायरल…

International Missing Context

सीरिया की यात्रा के दौरान पुतिन को एस्कॉर्ट करने वाला 8 साल पुराना वीडियो उनके भारत दौरे से जोड़ कर शेयर किया जा रहा है। 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अभी हाल ही में अपने दो दिनों की यात्रा के दौरान भारत पहुंचे थें। यहां उन्होंने 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया। इसी से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें पुतिन को कथित तौर पर एक विमान में बैठे हुए दिखाया गया है। इस दौरान वे खिड़की से बाहर एस्कॉर्ट लड़ाकू विमानों को देखते हुए नज़र आ रहे हैं। सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं द्वारा वीडियो को साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि, भारतीय वायु सेना के जेट विमान ने उनके विमान को भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश कराते समय एस्कॉर्ट किया। वायरल वीडियो इस कैप्शन के साथ है…

भारतीय वायुसेना के लड़ाकू जेट भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करते समय राष्ट्रपति पुतिन के विमान की एस्कॉर्टिंग कर रहे हैं

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च किया। परिणाम में हमें रूसी भाषा में संचालित मीडिया आउटलेट के फेसबुक पेज पर 13 दिसंबर 2017 को अपलोड किया गया वीडियो मिला। वीडियो में वायरल वीडियो के दृश्यों को देखा जा सकता है। वहीं वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, यह वीडियो रूसी राष्ट्रपति के मिडिल ईस्ट के दौरे से जुड़ा है, जब SU-30 लड़ाकू विमानों ने पुतिन के विमान को पहरा देकर सुरक्षा प्रदान की थी। 

फिर हमें गेटी इमेजेज द्वारा प्रकाशित तस्वीरें भी मिलीं, जिसे दिसंबर 2017 को पोस्ट किया गया था। पता चलता है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन सीरिया के पश्चिमी हिस्से में स्थित खमेइमिम एयर बेस पर एक दौरे के लिए उतरे थे, जहां उनके विमान को Su-35 लड़ाकू विमानों ने एस्कॉर्ट किया गया था।

और खोज करने पर हमें रुसी सोशल मीडिया हैंडल्स आरआईए के एक्स अकाउंट पर वायरल वीडियो मिला। 12 सितंबर 2017 के इस पोस्ट में यह बताया गया है कि, पुतिन के प्लेन को काहिरा जाते समय रशियन एयरोस्पेस फोर्स के फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट किया था।

Russia in the United Kingdom नाम के फेसबुक अकाउंट से 13 दिसंबर 2017 को वायरल वीडियो से मिलता हुआ वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें हम रूसी मीडिया आउटलेट रसिया टुडे का लोगो देख सकते हैं।

साथ ही 11 दिसंबर 2017 को प्रकाशित रसिया टूडे की रिपोर्ट में वायरल वीडियो देखे जा सकते हैं। इसमें बताया गया है कि जब व्लादिमीर पुतिन पश्चिमी सीरिया स्थित खमीमिम एयर बेस पर उतरने के दौरान सुखोई-30 लड़ाकू विमानों की तरफ से उनको एस्कॉर्ट कर स्वागत किया था।

वहीं रूसी न्यूज एजेंसी स्पुतनिक की वेबसाइट पर भी वायरल वीडियो से जुड़ी तस्वीरों को भी देखा जा सकता है, जिसे 11 दिसंबर 2017 को अपलोड किया गया था।

हमने वायरल वीडियो और व्लादिमीर पुतिन की दिसंबर 2017 में सीरिया यात्रा के दृश्यों की भी तुलना की। यह पुष्टि हुई कि दोनों में एक ही फुटेज दिखाया गया है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि पुतिन के भारत दौरे से जोड़कर 8 साल पुराना सीरिया दौरे से जुड़ा वीडियो साझा किया जा रहा है। उनकी हालिया भारत यात्रा से जोड़ कर सीरिया की यात्रा के दौरान का रूसी लड़ाकू विमानों द्वारा सुरक्षा प्रदान किए जाने वाला पुराना वीडियो फैलाया जा रहा है। 

Avatar

Title:पुतिन का 8 साल पुराना सीरिया दौरे से जुड़ा वीडियो उनके हालिया भारत दौरे के नाम पर वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result:Missing Context