यह वीडियो ईरान में मौजूदा प्रदर्शन से सम्बंधित नहीं है। नवंबर 2024 का है वायरल यह वीडियो।

इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसे ईरान में हो रहे सत्ता विरोधी प्रदर्शनों के बीच साझा किया जा रहा है। वीडियो में एक जगह पर एक महिला को हिजाब की जगह अलग से कपड़े पहन कर सड़क पर घूमते हुए दिखाया गया है। वहीं वीडियो में कुछ अन्य महिलाओं को हिजाब में दिखाया गया है। यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ईरान में सत्ता विरोधी प्रदर्शनों से सम्बंधित है। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
ईरान (पारस देश) मे बुर्के का हो रहा खुलेआम बहिष्कार। क्या कहेंगे आप बदलते ईरान के इस माहौल क़ो?
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को सर्च किया। परिणाम में हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 4 नवंबर 2024 को छपी रिपोर्ट में वायरल वीडियो से एक क्लिप शेयर किया हुआ मिला। इसमें बताया गया था कि तेहरान की इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी में एक छात्रा को हिजाब न पहनने की वजह से यूनिवर्सिटी की सुरक्षा टीम ने रोका था, जिसके बाद छात्रा ने विरोध में यह कदम उठाया था। लेकिन इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
इसके बाद हमें ईरान वायर डॉट कॉम नाम की वेबसाइट पर भी इस वीडियो से जुड़ी खबर हमें मिली। 4 नवंबर 2024 की खबर के अनुसार, तेहरान की इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी के साइंस एंड रिसर्च कैंपस में एक छात्रा ने कथित तौर पर सुरक्षा कर्मियों द्वारा हिजाब न पहनने पर परेशान किए जाने के बाद, विरोध में अपने कपड़े उतार दिए थें। छात्रा अंडरगारमेंट्स में कैंपस के पास दिखाई देती है।
ईरान की पत्रकार मसीह अलीनेजद ने इस मामले से जुड़े वीडियो को 3 नवंबर 2024 को शेयर करते हुए एक्स पर एक पोस्ट किया था। इसके अनुसार, ईरान के तेहरान स्थित साइंस एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी में एक छात्रा ने कथित तौर पर हिजाब को लेकर नैतिकता पुलिस द्वारा परेशान किए जाने के विरोध में अपने कपड़े उतारकर कैंपस में प्रदर्शन किया। आई विटनेस के अनुसार, सुरक्षा कर्मी उसे जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके दौरान उसके कपड़े खींचे गए और गुस्से में उसने विरोध किया।
एमनेस्टी ईरान ने भी इसी घटना के एक वीडियो को 2 नवंबर 2024 को अपने एक्स अकाउंट से शेयर किया था। इसमें छात्रा की रिहाई की मांग की गई है।
हमें इस मामले से जुड़ी खबर यहां और यहां पर भी मिली, जिसे नवंबर 2024 को अपलोड किया गया था। जिनके हवाले से यह बताया गया था कि ईरान में सख्त इस्लामिक ड्रेस कोड के खिलाफ विरोध करते हुए एक महिला स्टूडेंट ने अपनी यूनिवर्सिटी के बाहर कपड़े उतार कर प्रदर्शन किया था।
https://www.instagram.com/p/DB4iTZiTwf6
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो नवंबर 2024 का है, जब ईरान में एक यूनिवर्सिटी की छात्रा ने प्रोटेस्ट के तौर पर कम कपड़े पहनकर प्रदर्शन किया था। उसी समय के पुराने वीडियो को ईरान में चल रहे हालिया प्रदर्शनों से जोड़ते हुए भ्रामक रूप से साझा किया जा रहा है।
Title:ईरान की यूनिवर्सिटी में छात्रा के विरोध का एक पुराना वीडियो हालिया बताकर भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


