पीएम मोदी ने ‘आधार कार्ड पर फ्री बाइक’ की कोई घोषणा नहीं की; फर्जी वीडियो वायरल

False Politics

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हर आधार कार्ड धारक को एक फ्री बाइक दी जाएगी।

फैक्ट क्रेसेंडो के पाठकों ने इस दावे की सच्चाई जानने के लिए यह वीडियो हमारी व्हाट्सऐप हेल्पलाइन (9049053770) पर शेयर किया।

हमने इस वीडियो की पड़ताल की तो सच्चाई कुछ और ही निकली। यह वीडियो असल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदत से एडिट करके बनाया गया है। 

क्या है दावा?

वीडियो की शुरुआत में पीएम मोदी का एक क्लिप दिखाया जाता है, जिसमें वह कहते हैं, “अगर आपके पास आधार कार्ड है तो आपका बाइक लेने का सपना बिल्कुल फ्री में पूरा होने वाला है। लेकिन ध्यान रखना, एक आधार कार्ड पर सिर्फ एक स्प्लेंडर बाइक ही फ्री मिलेगी।”

इसके बाद वीडियो में बताया जाता है, “फ्री बाइक के लिए रील को लाइक करके कमेंट में अपना नाम बताएँ। अब गूगल पर सर्च करो smtai.net। सबसे पहली वेबसाइट पर क्लिक करके एक पोस्ट पर सबसे नीचे स्क्रॉल करके, वहाँ पर नाम और मोबाइल नंबर डालकर ‘Book Now’ पर क्लिक करके बाइक बुक हो जाएगी।”

इंस्टाग्राम

फैक्ट-चेक

सबसे पहले, हमने देखा कि इस तरह की कोई योजना या घोषणा आधिकारिक स्रोतों पर ढूंढने पर नहीं मिली। आधिकारिक वेबसाइट, सरकार के प्रेस बुलेटिन माध्यम से ऐसी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है कि सरकार ने फ्री बाइक योजना शुरू की हो।

जब हमने पीएम मोदी के क्लिप की रिवर्स इमेज सर्च से जांच की, तो असल वीडियो 24 फरवरी 2019 का मिला। यह वीडियो उस समय का है जब प्रधानमंत्री मोदी ने गोरखपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-KISAN) की शुरुआत की थी।

इस पूरे भाषण में कही पर भी पीएम मोदी ने आधार कार्ड धारकों को स्प्लेंडर बाईक देने की बात नहीं की।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद, प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो यानी पीआईबी ने खुलासा किया की, यह AI जनरेटेड फर्जी वीडियो है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है।

स्कैम से बचिए

इस तरह के वीडियो अक्सर एक लिंक या वेबसाइट के साथ आते हैं जिसमें लोगों को अपना मोबाइल नंबर, आधार या बैंक डिटेल देने के लिए कहा जाता है. इस तरह की वेबसाइट्स आमतौर पर सरकारी नहीं होतीं.

जैसे इस वायरल पोस्ट में कहा गया है कि फ्री बाईक को पाने के लिए smtai.net इस वेबसाईट पर नाम और मोबाईल नंबर डालकर बाईक बूक करनी पड़ेगी। 

यह वेबसाईट का किसी भी सरकारी योजना या सरकारी विभाग से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।

निष्कर्ष

सोशल मीडिया पर फैल रहा यह दावा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधार कार्ड धारकों को फ्री बाइक देने की घोषणा की है” सच नहीं है। यह एक नकली वीडियो है जिसे AI की मदद से बनाया गया है।

बिना जाँचे किसी आकर्षक संदेश पर भरोसा न करें। केंद्र सरकार की जनकल्याण योजनाओं की सही जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट http://myscheme.gov.in पर जाएँ।

Avatar

Title:पीएम मोदी ने ‘आधार कार्ड पर फ्री बाइक’ की कोई घोषणा नहीं की; फर्जी वीडियो वायरल

Fact Check By: Mayur Deokar 

Result: False