इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर हालिया झड़पों के दृश्यों का दावा फर्जी। वीडियो यरुशलम के सिनेमा सिटी कॉम्प्लेक्स में हुई एक झड़प का है।

False International

वायरल वीडियो यरुशलम के सिनेमा सिटी मॉल का है, न कि किसी एयरपोर्ट का। पूरी तरह फर्जी है वायरल दावा।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। इसमें दिखाई दे रहा है कि कई लोग एक काउंटर के पीछे खड़े कुछ पुरुषों से भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही हाथों से चीजों को फेंकते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे का है, जहां पर ईरानी मिसाइलों को लेकर हमले से दहशत में आए लोग देश छोड़ने के लिए फ्लाइट टिकटों के लिए आपस में भीड़ रहे हैं। यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…

ब्रेकिंग अभी अभी:तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर झड़पें जारी हैंl“हमें टिकट चाहिए, हमें उड़ानें चाहिए, हम इज़राइल छोड़ना चाहते हैं।हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक ईरानी मिसाइलें हमें कुचल दे.!

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमें ynet के एक्स हैंडल पर प्रकाशित एक समान दृश्य के साथ पोस्ट मिला। यह पोस्ट 20 जुलाई 2025 को साझा की गई थी। इसके साथ कैप्शन में लिखा था कि यरुशलम के सिनेमा सिटी में सिनेमा श्रृंखला के अरब बुफे कर्मचारियों और दर्जनों यहूदी किशोरों के बीच हाथापाई हुई।

फिर हमें ynet की वेबसाइट पर इस घटना से सम्बंधित रिपोर्ट मिली,जिसमें वायरल वीडियो को भी पोस्ट किया गया है। बताया गया है कि यरुशलम के सिनेमा सिटी में दर्जनों यहूदी किशोरों और सिनेमा चेन के अरब कैफ़ेटेरिया कर्मचारियों के बीच ज़बरदस्त हंगामा हो गया था। मूवी थिएटर में, चीज़ें फेंकी जा रही थी और नस्लवादी नारे लगाए जा रहे थें। इसमें तीन कर्मचारी मामूली रूप से घायल हो गए थें। इससे इतनी बात तो यहीं साफ हो जाती है कि ये वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है और न ही इसका मौजूदा जंग से कोई संबंध है।  

इसके बाद हमें टाइम्स ऑफ इंडिया के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 20 जुलाई 2025 को इस घटना से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट मिली। इसके साथ कैप्शन लिखा था,”कैमरे पर: यरूशलेम में दंगे भड़क उठे, इजरायली यहूदियों ने सिनेमाघर में तोड़फोड़ की और ‘अरबों का नाश हो’ के नारे लगाए।”

द यरुशलम पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक सिनेमा सिटी में कुछ यहूदी युवकों और कैफेटेरिया में काम करने वाले अरब कर्मचारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इस दौरान फूड काउन्टर के कर्मचारियों पर चीजें फेंकी गईं।’Death to Arabs’ के नारे भी लगाए गए। जवाब में कर्मचारियों ने भी उनके ऊपर चीजें फेंकी थीं। झड़प में कुछ कर्मचारियों को मामूली चोटें भी आई थीं।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। इसका मिडिल ईस्ट में चल रहे हालिया तनाव से कोई संबंध नहीं है। असल में वीडियो यरुशलम के सिनेमा सिटी कॉम्प्लेक्स में हुए एक पुराने झड़प का है, जब कुछ युवकों और स्टाफ कर्मचारियों के बीच झड़प हुई थी।

Result Stamp

Title: इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर हालिया झड़पों के दृश्यों का दावा फर्जी। वीडियो यरुशलम के सिनेमा सिटी कॉम्प्लेक्स में हुई एक झड़प का है।

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply