
बिल्डिंग में लगी आग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है, जहां ईरान ने ड्रोन से हमला किया है। यह वीडियो उसी हमले के बाद का है।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- दुबई एयरपोर्ट पर ईरानी ड्रोन्स ने तबाही मचाई, ईरान अबतक 6000 से ज़्यादा सुन्नी मुसलमानों को अपने हमलों से मार चुका है , गज़ब है… लड़ाई यहूदियों और ईसाईयों से, और जन्नत जा रहे सुन्नी मुसलमान…., हिंदू चुस्लाम भाई भाई की चूरन देने वाले कुत्ते आँख खोलकर देख ले ये अपने ही नही है।

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें एक यूट्यूब चैनल पर मिला, जहां इसे 6 अगस्त 2020 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल में चल रहे ईरान और अमेरिका- इजरायल के बीच वार से कोई संबंध नहीं है।यह वीडियो 2020 से इंटरनेट पर मौजूद है। दरअसल, यह फुटेज यूएई के अजमान में एक बाजार में लगी आग का है।

इसका कैप्शन में लिखा है,“अजमान फल और सब्जी बाजार में आग लग गई।”
प्राप्त जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो स्पेनिश यूट्यूब चैनल ‘El Universal’ पर 6 अगस्त 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। रिपोर्ट के अनुसार यूएई में अजमान शहर के मार्केट में लगी आग का बताया गया है।

पड़ताल के अगले क्रम में हमने संबंधित कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें GULF NEWS की वेबसाइट पर 5 अगस्त 2020 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। खबर में वायरल वीडियो से मिलता-जुलता विजुअल मौजूद है। रिपोर्ट के अनुसार, अजमान के नए इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पब्लिक मार्केट में शाम करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई थी। कुछ घंटों बाद अजमान सिविल डिफेंस ने दुबई, शारजाह और उम्म अल-कुवैन की सिविल डिफेंस टीमों की मदद से आग पर काबू पा लिया।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, बिल्डिंग में लगी आग के वीडियो दुबई एयरपोर्ट का नहीं है और न ही हाल-फिलहाल का है। यह वीडियो करीब पांच साल पुराना है और संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग का है।


