संयुक्त अरब अमीरात के अजमान के फ्रूट मार्केट में लगी पुरानी आग के वीडियो को दुबई एयरपोर्ट पर ‘ड्रोन हमला’ बताकर झूठे दावे से फैलाया गया।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है,जिसमें एक जगह पर भयानक रूप से आग लगी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में एक बिल्डिंग भी है जिसमें से आग की लपटें उड़ती हुई दिख रही है। इस वीडियो को हालिया युद्ध से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का है, जहां ईरान ने ड्रोन से हमला किया है।यूज़र ने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा है…
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट ईरान ताबड़तोड़ ड्रोन गिरा रहा है
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो Fadi Nimer नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला। यहां पर वीडियो को 6 अगस्त 2020 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो संयुक्त अरब अमीरात में अजमान शहर के मार्केट में लगी भीषण आग का है।
फिर हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो स्पेनिश यूट्यूब चैनल El Universal पर 6 अगस्त 2020 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां भी वीडियो को यूएई में अजमान शहर के मार्केट में लगी आग का ही बताया गया है।
CGTN के एक्स हैंडल पर 6 अगस्त 2020 को किए गए पोस्ट के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात के #Ajman के नए औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पब्लिक मार्केट में भीषण आग लग गई थी।
5 अगस्त 2020 को छपी बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, अजमान के नए औद्योगिक क्षेत्र के भीतर शाम 6:30 बजे के करीब आग लगी थी, जो दुबई से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर थी।
संयुक्त अरब अमीरात में प्रकाशित होने वाले दैनिक समाचार पत्र गल्फ न्यूज की तरफ से आग की घटना पर दी गई रिपोर्ट के अनुसार, हादसे पर अजमान नागरिक सुरक्षा ने आग पर काबू पाने में मदद की थी।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में इस वीडियो का मौजूदा तनाव से कोई संबंध नहीं है। यह यूएई के अजमान स्थित एक मार्केट में लगी आग का पुराना वीडियो है, जिसे दुबई एयरपोर्ट पर हालिया ड्रोन हमले का बताकर भ्रामक दावे से फैलाया जा रहा है।


