
पश्चिमी एशिया में 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए युद्ध के बीच देश में लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस, यानी एलपीजी (LPG) सिलिंडर के लिए कई शहरों में लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। गैस सिलिंडर के मुद्दे से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोगों की भीड़ देखी जा सकती है। वीडियो साझा करने वाले यूजर्स दावा कर रहे हैं कि गुजरात के सूरत में गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण लोग शहर छोड़कर अपने घरों को जा रहे हैं।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- सूरत में गैस सिलेंडर न मिलने के कारण सब लोग गांव वापस जा रहे थे.. उधना स्टेशन में उमड़ी भीड़

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो हमें इंस्टाग्राम यूजर ‘unitedsurat’ के अकाउंट पर 27 अक्टूबर 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। इसके साथ लिखा था, सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर दिवाली पर घर जाने के लिए जुटी भीड़।

सर्च में हमें ‘जी न्यूज’ के यूट्यूब चैनल पर 27 अक्टूबर 2024 को अपलोड की गई वीडियो न्यूज मिली। इसके अनुसार, “गुजरात के सूरत में दीपावली और छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशन पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर 35 हजार से ज्यादा यात्रियों की भीड़ देखने को मिली।”


वायरल वीडियो की जांच में आगे हमने न्यूज के स्क्रीनशॉट्स और वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को लेकर मिलान किया, जिसमें स्टेशन की पार्किंग में खड़ी गाड़ियां, स्टॉल और लहराता हुआ तिरंगा देखा जा सकता है। इससे यह साबित हो जाता है कि वायरल वीडियो सूरत के उधना रेलवे स्टेशन का है और अक्टूबर 2024 में दिवाली पर घर जाने वाले लोगों का है।

इसके साथ ही हमें मिली ‘Hindustan Petroleum Corporation Limited’ के एक्स अकाउंट पर पोस्ट के अनुसार, जिसे 14 मार्च 2026 में देखा जा सकता है बताया गया है कि LPG की सप्लाई लगातार जारी है और लोग अफवाहों से परेशान न हों।
गुजरात के सूरत में घरेलू गैस की भारी किल्लत-
वहीं गुजरात के सूरत में घरेलू गैस (LPG) की भारी किल्लत और ब्लैक मार्केटिंग ने प्रवासी मजदूरों की कमर तोड़ दी है ।उधना रेलवे स्टेशन पर बिहार और यूपी जाने वाले श्रमिकों की लंबी कतारें इस बात का सबूत हैं कि सरकारी दावों के उलट जमीनी हकीकत भयावह है। खाली चूल्हा और महंगी गैस मजदूरों को शहर छोड़ने पर मजबूर कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश में रसोई गैस की किल्लत के बीच राहत भरी खबर है। एलपीजी की सप्लाई सामान्य हो गई है। कहीं भी गैस खत्म होने की स्थिति नहीं है। प्रोडक्शन भी बढ़ाया गया है ताकि सप्लाई बनी रहे। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने ये बात शुक्रवार को दैनिक ब्रीफिंग में बताई। दरअसल मिडिल ईस्ट में चल रहे संकट के बीच लोग रसोई गैस की किल्लत की शिकायत कर रहे हैं। लेकिन सरकार का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। हालात काबू में हैं।

निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, गुजरात के सूरत के उधना रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ का वीडियो पुराना है। इसे गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण लोगों के पलायन के भ्रामक दावे से वायरल किया जा रहा है।


