क्या पहले चरण के मतदान के बाद ललन सिंह ने अमित शाह पर धोखा देने का आरोप लगाया? नहीं वीडियो पुराना है…

False Political

बिहार चुनाव के बीच अमित शाह पर धोखा देने का आरोप लगाते ललन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में ललन सिंह नीतीश कुमार का बचाव करते हुए अमित शाह पर निशाना साध रहे हैं।वायरल वीडियो में ललन सिंह कह रहे हैं, “श्री अमित शाह जी आपने कल पूर्णिया की रैली में कहा कि नीतीश कुमार जी ने आपके साथ धोखा किया, नीतीश कुमार ने आपके साथ विश्वासघात किया। नहीं, गलत सफ़ेद झूठ। नीतीश कुमार जी ने आपके साथ धोखा नहीं किया, आपने नीतीश कुमार जी के साथ धोखा किया और नीतीश कुमार जी के साथ षड्यंत्र किया। उस षड्यंत्र के सूत्रधार आप हैं।” पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “अमित शाह नीतीश कुमार के साथ षडयंत्र कर रहे हैं, पहले चरण के मतदान के बाद श्री ललन सिंह जी का बयान।

वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद अमित शाह पर धोखा देने का आरोप लगाते ललन सिंह का वीडियो।

वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- अमित शाह नीतीश कुमार के साथ षडयंत्र कर रहे हैं, पहले चरण के मतदान के बाद श्री ललन सिंह जी का बयान……….

फेसबुकआर्काइव

अनुसंधान से पता चलता है कि… 

 पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो की  क्लिप हमें दैनिक जागरण द्वारा प्रकाशित एक खबर में मिली। ललन सिंह का यह वीडियो 24 सितंबर 2022 को अपलोड किया गया था। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल का नहीं है। 

 रिपोर्ट के अनुसार पूर्णिया पहुंचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार पर बीजेपी को धोखा देने का आरोप लगाया था। इस दौरान वह जेडीयू और अमित शाह पर जमकर बरसे।

हमें नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 24 सितंबर 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में भी ललन सिंह का एक्स पोस्ट मौजूद है, जिसमें उन्होंने अमित शाह और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए थे।

अधिक सर्च करने पर हमें ललन सिंह का वह एक्स पोस्ट मिला। जिसे उन्होंने अमित शाह की पूर्णिया रैली के बाद पोस्ट किया गया था। इस वीडियो में उन्होंने नीतीश कुमार का बचाव करते हुए अमित शाह और बीजेपी पर हमला बोला था। वीडियो में वह बीजेपी पर सीबीआई के दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी यादव का भी बचाव करते नजर आते हैं। 

ललन सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी-

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच  मोकामा पहुंचे केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने एबीपी न्यूज से बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि, आगामी सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बनेगी। ललन सिंह ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह पहले ही यह साफ कर चुके हैं कि बिहार में चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। ललन सिंह ने कहा कि ‘अमित शाह ने बताया न कि सीएम कौन होगा। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। उसके बाद नेता विधायक दल का विधायक ही तय करेगा कि सीएम कौन है, टेक्निकैलिटीज यही है”।

निष्कर्ष– तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, अमित शाह पर धोखा देने का आरोप लगाते ललन सिंह का यह वीडियो हालिया बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद का नहीं, बल्कि 3 साल पुराना है।

Avatar

Title:क्या पहले चरण के मतदान के बाद ललन सिंह ने अमित शाह पर धोखा देने का आरोप लगाया? नहीं वीडियो पुराना है…

Fact Check By: Sarita Samal 

Result: False