यह वीडियो चार साल पहले सूडान में हुये फैक्टरी ब्लास्ट का है। इसका अभी हो रहे सूडान संकट से कोई संबन्ध नहीं है।

हाल ही में सूडान में चल रहे सशस्त्र संघर्ष को जोड़कर एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। उसमें आप देख सकते है कि एक इमारत में आग लगती है और लोग भागने लगते है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सूडान में हाल ही में चल रहे संकट का है।
वायरल हो रहे पोस्ट के साथ यूज़र ने लिखा है,“सूडान संकट में फंसा जींद का एक परिवार। रेलवे रोड़ का रहने वाला अमन गुप्ता अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ युद्ध में फंसा। केंद्र सरकार से मदद की अपील। पैरामिल्ट्री फोर्स और आर्मी के बीच चल रहा है युद्ध। अमन का कहना है उनकी गाड़ियां पैसे लूट लिए गए है। खाने पीने का संकट पैदा हो गया है और जिंदगी मौत के बीच फंसे हुए है। उन्होंने बताया की लाइट कट कर दी गई है और चारो तरफ बम धमाको की आवाज आ रही है।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
इस वीडियो की जाँच हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च कर की। परिणाम में हमें यही वीडियो 4 दिसंबर 2019 को अल जज़िरा के चैनल पर प्रसारित किया हुआ मिला। इसमें दी गयी जानकारी में बताया गया है कि यह वीडियो सूडान की राजधानी खार्तूम में एक कारखाने में हुये विस्फोट के बाद लगी आग का वीडियो है। आग की वजह से करीब 130 लोग घायल हुये थे और इस घटना में 23 लोगों की मौत हो गयी थी।
4 दिसंबर 2019 को प्रकाशित इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया है कि यह घटना 3 दिसंबर 2019 को घटी थी। विस्फोट की यह घटना खार्तूम के बाहरी क्षेत्र में एक चीनी मिट्टी की फैक्ट्री “सलूमी” में घटी थी। इसमें 18 भारतीय मारे गये थे।
इससे हम कह सकते है कि यह घटना अभी का नहीं बल्की चार साल पुराना है।
आपको बता दें कि हाल ही में सूडान की सैन्य सरकार के प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच एक सशस्त्र संघर्ष 15 अप्रैल 2023 को शुरू हुआ था। यह तब शुरू हुआ जब पश्चिमी सूडान में, खार्तूम की राजधानी शहर में और दारफुर क्षेत्र में संघर्ष शुरू हुआ। इस घटना में अब तक, कम से कम 559 लोग मारे गए हैं और 4,000 से अधिक अन्य घायल हुये हैं।
निष्कर्ष:
तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। इस वीडियो का हाल ही में हो रहे सूडान संकट से कोई संबन्ध नहीं है। चार साल पहले सूडान में एक फैक्टरी में ब्लास्ट हुआ था, यह वीडियो तब का है।
Title:चार साल पहले सूडान में एक फैक्टरी में हुये ब्लास्ट के वीडियो को सूडान संकट से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
Fact Check By: Samiksha KhandelwalResult: False


