क्या रघुराम राजन को बैंक ऑफ इंग्लैंड का गवर्नर नियुक्त किया गया है? जानिए सच

False Social

भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन को बैंक ऑफ इंग्लैंड का नया गवर्नर बनाये जाने की खबर वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में यूजर्स रघुराम राजन को इस पोस्ट पर बधाई देने के साथ देश के सरकार और व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। 

वायरल पोस्ट के साथ यूजर्स ने लिखा है – श्री रघुराम राजन जी को बैंक ऑफ इंगलैंड का गवर्नर बनाये जाने पर बहुत बहुत बधाई। देश के लिए अफसोस की बात है ये आदमी देश के लिए बहुत कुछ कर सकता था।

फेसबुकआर्काइव

यह खबर फेसबुक पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

फेसबुक लिंक

अनुसंधान से पता चलता है कि…

पड़ताल की शुरुआत हमने कीवर्ड गूगल पर सर्च करने से की। हमें ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली। अगर यह खबर सच होती तो यह खबर भारत और इंग्लैंड में सुर्खियां बटोरती।

अधिक सर्च करने पर हमें द प्रिंट के पेज पर एक खबर मिली। खबर के अनुसार 2019 में ऐसी खबरें आईं कि रघुराम राजन बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर बनने की दौड़ में हैं। पर बाद में उन्होंने बीबीसी को दिए एक साक्षात्कार में कथित तौर पर इस खबर का खंडन किया था। 

रघुराम राजन ने कहा कि उन्होंने बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर बनने के लिए आवेदन नहीं किया है।  उन्होंने कहा कि “ मैं अपनी नौकरी से बिल्कुल ख़ुश हूं और ये कोई कूटनीतिक टिप्पणी नहीं बल्कि सच्चाई है। हाल के सालों में केंद्रीय बैंकर की नौकरी बहुत राजनीतिक हो गई है”। 

रघुराम राजन सितंबर 2013 और सितंबर 2016 के बीच भारतीय रिजर्व बैंक के 23 वें गवर्नर थे। उन्होंने एक बार अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुख्य अर्थशास्त्री के रूप में कार्य किया और वर्तमान में शिकागो बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस में पढ़ाते हैं।

लिंक्डइन

बैंक ऑफ इंग्लैंड के वर्तमान गवर्नर कौन हैं?

हमने बैंक ऑफ इंग्लैंड की वेबसाइट पर चेक किया। 16 मार्च, 2020 को एंड्रयू बेली को गवर्नर के रूप में नियुक्त किया गया था । उन्होंने 16 मार्च, 2020 को राज्यपाल का पदभार ग्रहण किया। उनका कार्यकाल 15 मार्च 2028 को समाप्त होगा।

बतादें कि एंड्रयू बेली से पहले  मार्क कार्नी बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर थे। उन्होंने 2013 से लेकर मार्च 2020 तक बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर के तौर पर कार्यभार संभाला था।

बैंक ऑफ इंग्लैंड

कब की है वायरल तस्वीर?

रघुराम राजन की गुलदस्ता लेते हुए यह तस्वीर उनके द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक के 23वें गवर्नर के रूप में कार्यभार संभालने की है। यह तस्वीर 5 सितंबर, 2013 को इंडियन एक्सप्रेस के फोटोग्राफर प्रशांत नाडकर ने ली थी।

निष्कर्ष:

तथ्यों की जांच के पश्चात हमने पाया कि रघुराम राजन को बैंक ऑफ इंग्लैंड के गवर्नर के रूप में नियुक्त नहीं गया है। यह अफवाह पिछले कई सालों से वायरल हो रही है। एंड्रयू बेली बैंक ऑफ इंग्लैंड के वर्तमान गवर्नर हैं।

Avatar

Title:क्या रघुराम राजन को बैंक ऑफ इंग्लैंड का गवर्नर नियुक्त किया गया है? जानिए सच

Fact Check By: Saritadevi Samal 

Result: False