इसराइल के हवाई अड्डे पर ईरान के हमले के दावे से असंबंधित वीडियो वायरल…

False International

वायरल हो रहा यह वीडियो अमेरिकन एयरलाइंस की फ़्लाइट की घटना से सम्बंधित है। इसका इसराइल व ईरान के हालिया संघर्षों से कोई सम्बन्ध नहीं है।

ईरान पर इसराइल और अमेरिकी हमलों के संदर्भ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक हवाई जहाज़ रनवे पर खड़ा है और उसके एक हिस्से से धुआँ उठ रहा है। साथ ही यात्रियों को आपातकालीन गेट के द्वारा बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो इसराइल का है, जहाँ ईरान की तरफ से एक एयरपोर्ट पर हमला कर दिया गया। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

कहा था जिन्दा खुमेनी अमेरिका के लिए इतने ख़तरनाक नहीं हैं जितना वो मरने के बाद होंगे…अमेरिका को वहां कि ख़ुफ़िया एजेंसी ने चेताया था कि खामनेई के मात्र मरने से अमेरिका जंग नहीं जीत सकता है फिर भी ट्रम्प ने ईरान पर हमला करके दुनिया को जंग के मुहाने पर ला खड़ा किया है….Khamenei कि हत्या के बाद ईरान पागलों कि तरह अरब से लेकर इज़राइल पर हमला कर रहा है, मुझे लगता है नेतान्याहु का अंत तय हो चुका….जंग अब दोगुनी तेज़ी से होने जा रही है।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें Global Governance News नाम की वेबसाइट पर 28 जुलाई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वीडियो से मिलती-जुलती तस्वीर देखी जा सकती है। बताया गया है कि यह घटना अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट की थी, जिसके लैंडिंग गियर में डेनवर एयरपोर्ट पर आग लग गई थी।

फिर हमें इसी घटना से जुड़ी और भी रिपोर्ट्स मिली। इनमें 27 जुलाई 2025 को छपी प्रकाशित वीडियो रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकन एयरलाइंस की फ़्लाइट बोइंग 737 MAX 8 मियामी की ओर जा रही थी, तभी उसके बाएं पिछले लैंडिंग गियर में आग लग गयी। टायर में आग लगने के कारण हवाई जहाज़ को डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर टेकऑफ़ करना पड़ा।हालांकि जहाज़ में सवार 173 यात्रियों और छह क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड्स द्वारा सुरक्षित निकाल लिया गया था। लेकिन एक यात्री को मामूली चोट आई थी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इससे जुड़ी वीडियो रिपोर्ट्स यहां पर भी देखें।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो अमेरिकन एयरलाइंस की फ़्लाइट के साथ आग लगने की घटना का है जो जुलाई 2025 से ही इंटरनेट पर उपलब्ध है। इसका मौजूदा इसराइल व ईरान के हालिया संघर्षों से कोई सम्बन्ध नहीं है।

Result Stamp

Title: इसराइल के हवाई अड्डे पर ईरान के हमले के दावे से असंबंधित वीडियो वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha

Result: False

Leave a Reply