
अभी हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंबाला एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमान में 33 मिनट की उड़ान भरी थी। एयरचीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने दूसरे राफेल से उन्हें एस्कॉर्ट किया था। जबकि स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी राष्ट्रपति के साथ थीं, जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में भाग लिया था।इसी के साथ राफेल में उड़ान भरने वाली द्रौपदी मुर्मू पहली राष्ट्रपति हैं। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एक वीडियो शेयर कर दावा किया गया है कि उन्होंने राफेल लड़ाकू विमान में बैठने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर उन्हें ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है।
वायरल वीडियो में राष्ट्रपति मुर्मू को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “इस वक़्त भारतीय जनता से विनती करना चाहती हूं कि मोदी जी की हिंदुत्व सरकार ने मुझे ब्लैकमेल करके कल राफेल विमान में बैठने का आर्डर दिया, मुझे मेरी जान, मेरे पति और बच्चे बहुत पसंद हैं। मैं यह काम नहीं करना चाहती। लेकिन भाजपा सरकार मुझे अपनी राजनीति का एक मोहरा साबित कर रही है। अगर राफेल विमान में मुझे कुछ हुआ तो इसके ज़िम्मेदार मोदी जी और उनकी हिंदुत्व की राजनीति होगी।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- द्रोपति मुर्मू जी का बीजेपी पर बड़ा खुलासा क्या मोदी सरकार राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू को मारना चाहती है
https://archive.org/details/20-facebook_202511
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया परिणाम में वायरल वीडियो हमें, इंडिया टुडे के यूट्यूब चैनल पर मिला। 14 फरवरी 2025 को अपलोड की गई इस वीडियो में जानकारी दी गई है कि राष्ट्रपति मुर्मू ने 10वें अंतर्राष्ट्रीय महिला सम्मेलन में भाषण दिया था।
इस वीडियो में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गरीबी और असमानता के कुचक्र को तोड़ने में शिक्षा के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने नेताओं से बच्चों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की ज़िम्मेदारी लेने का आग्रह किया, साथ ही जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण जैसी वैश्विक चुनौतियों से निपटने की ज़रूरत पर भी बात की थी।

मिली जानकारी की मदद लेते हुए अधिक सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो का लाइव फुटेज हमें इंडिया टुडे के चैनल पर अपलोडेड मिला। कार्यक्रम के पूरे वीडियो की समीक्षा करने पर, हमें राष्ट्रपति द्वारा दिया गया ऐसा कोई बयान नहीं मिला, जिससे पुष्टि होती है कि वायरल क्लिप के साथ डिजिटल रूप से छेड़छाड़ की गई है।

वायरल वीडियो और मूल फुटेज की तुलना करने पर साफ़ पता चलता है कि दोनों एक ही कार्यक्रम के हैं। हालाँकि, यह कार्यक्रम फरवरी 2025 में हुआ था, जबकि राष्ट्रपति मुर्मू की राफेल उड़ान अक्टूबर 2025 में हुई थी, यानी महीनों का अंतर, जिससे यह संभावना कम है कि उनकी टिप्पणी उस उड़ान से संबंधित हो।

राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उसी दिन 14 फ़रवरी को शेयर किए गए लाइव वीडियो और उनकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध भाषण के किसी भी क्लिप में वायरल वीडियो जैसी कोई बातें नहीं मिलतीं। स्पष्ट है कि वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें वह बयान देते हुए दिखाया गया है, जो उन्होंने कभी दिया ही नहीं।
https://twitter.com/i/broadcasts/1zqJVjmawBMJB
इसके अलावा, पीआईबी फैक्ट चेक ने भी इसी वायरल वीडियो पर टिप्पणी करते हुए स्पष्ट किया कि पाकिस्तानी हैंडल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की डिजिटल रूप से संशोधित क्लिप को इस झूठे दावे के साथ प्रसारित करा रहा है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राफेल के प्रचार के लिए उनका इस्तेमाल कर रहे हैं। पीआईबी ने पुष्टि की कि वीडियो फ़र्ज़ी है और राष्ट्रपति ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। इन निष्कर्षों से यह भी पुष्टि होती है कि वायरल वीडियो में डिजिटल रूप से छेड़छाड़ की गई है।
इसके बाद, हमने संबंधित कीवर्ड्स के ज़रिये गूगल सर्च किया कि क्या राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राफेल विमान में उड़ान भरने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या केंद्र सरकार पर किसी प्रकार की टिप्पणी की है। लेकिन हमें ऐसी कोई भी न्यूज़ रिपोर्ट नहीं मिली। राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं, यदि उन्होंने ऐसा बयान दिया होता, तो यह मीडिया की राष्ट्रीय सुर्खियों में होता।
राष्ट्रपति मुर्मू और राफेल उड़ान-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 29 अक्टूबर 2025 को हरियाणा के अंबाला स्थित वायुसेना स्टेशन पर राफेल विमान में उड़ान भरी थी। वह भारतीय वायुसेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भरने वाली भारत की पहली राष्ट्रपति हैं। इसकी तस्वीरें राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर की गई थीं।
निष्कर्ष
तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर राफेल विमान में बैठने को लेकर ब्लैकमेल का आरोप लगाने वाला वायरल वीडियो डिजिटल रूप से एडिटेड है।
Title:राफेल को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू का पीएम मोदी पर ब्लैकमेल का आरोप लगाने वाला यह वीडियो एडिटेड है….
Fact Check By: Sarita SamalResult: False


