दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुई एक घटना का वीडियो दिल्ली का बताया जा रहा है।

दिल्ली-एनसीआर से आवारा कुत्तों और उनके बढ़ते हमलों की घटना को देखते हुए हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने डॉग शेल्टर में रखने का आदेश सुनाया था। कोर्ट की तरफ से रैबीज के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए आवारा कुत्तों को 8 हफ्तों के भीतर सड़क से हटा कर डॉग शेल्टर में रखने का फरमान सुनाया गया है। हालांकि मामले में इस फैसले के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई करते हुए केंद्र और कई एनजीओ की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा, जिसकी वजह से मामला अभी भी सुप्रीम कोर्ट में है। इसी क्रम से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर विचलित कर देने वाला एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक शख्स को बेसुध पड़े कुत्तों को एक प्लास्टिक की थैली से निकालते हुए देखा जा सकता है। वहीं वीडियो में और भी कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं जो उस शख्स की मदद करते दिखाई देते हैं। यूज़र ने वीडियो शेयर करते हुए यह दावा किया है कि यह दिल्ली की घटना है। पोस्ट इस कैप्शन के साथ है…
इस बेजुबान जानवर के साथ हो रहा है अत्याचार
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वीडियो के कीफ्रेम लेकर उन्हें गूगल लेंस से सर्च किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो Thiên Kim नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। यहां पर वीडियो को 5 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। वियतनामी भाषा में मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुए एक घटना का है।
हमें एक और वियतनाम के ही फेसबुक यूज़र की तरफ से यहीं वीडियो शेयर किया हुआ मिला। वियतनामी भाषा में लिखे कैप्शन से पता चला कि ये Ca Mau के पेशेवर चोरों के एक ग्रुप का वीडियो है। Ca Mau, वियतनाम के एक प्रांत का नाम है।
मिली जानकारी की मदद से आगे बढ़ते हुए हमें वियतनामी भाषा में छपी कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिली। tuoitre नाम की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार मऊ प्रांत के पुलिस ने क्षेत्र में कुत्तों को चुराने में माहिर दो लोगों को गिरफ्तार किया, इनके पास से 12 मृत कुत्तों और कई संबंधित उपकरणों को जब्त किया गया था। जिया राय वार्ड पुलिस के अनुसार, हाल ही में इस क्षेत्र में कुत्ते चोरों का एक समूह संगठित तरीके से काम कर रहा था, जिसे पकड़ने के लिए वार्ड पुलिस ने एक योजना बनाई, अंडरकवर बलों को जुटाया। 3 अगस्त की सुबह लगभग 2 बजे, गिया राय वार्ड के हैमलेट 1 में गश्त के दौरान, टास्क फोर्स को मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए, जिनके पास दो काले प्लास्टिक के बैग थे। जाँच करने पर, अधिकारियों को बैगों में 12 मरे हुए कुत्ते और कुत्तों को चुराने में इस्तेमाल होने वाले कई औज़ार मिले। दोनों को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां पर उन्होंने अपने नाम लाम हाई ट्रुंग (37 वर्ष, होआ थान हैमलेट, लॉन्ग डिएन कम्यून, कामाउ प्रांत) और क्वच डुंग बिन्ह (45 वर्ष, ग्रुप 3, बाक लियू वार्ड, कामाउ प्रांत) बताए। दोनों ने स्वीकार किया कि ये कुत्ते चोरी के सामान थे।
इस मामले पर वीडियो रिपोर्ट पर भी मौजूद है, जिसे वियतनामी न्यूज़ चैनल के हवाले से देखा जा सकता है।
वियतनाम की वेबसाइट वीओवी की रिपोर्ट के अनुसार, माऊ प्रांत में काफी समय से कुत्ते गायब हो रहे थे। पुलिस इसे लेकर पड़ताल कर रही थी। 3 अगस्त की रात को पुलिस पेट्रोलिंग पर थी, तभी उन्होंने बाइक पर बड़ी-बड़ी थैलियों में दो लोगों को कुछ ले जाते हुए देखा। चेकिंग करने पर थैलियों में 12 कुत्ते के शव निकले। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उनका नाम लाम हाई ट्रुंग और क्वच डुंग बिन्ह बताया गया है। दोनों ने स्वीकार किया कि वो कुत्तों की चोरी करते थे।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो वियतनाम के माऊ प्रांत में हुई एक घटना का है, जब कुत्ते चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था, और इनके पास से 12 कुत्तों के शव बरामद किए गए थे। उसी वीडियो को दिल्ली का बताया जा रहा है।

Title:प्लास्टिक बैग्स से मरे कुत्तों के शव को निकालने का वियतनाम का वीडियो दिल्ली की घटना के दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False
