सीरियाई तैराक युसरा मर्दिनी का एक पुराना वीडियो गलत तरीके से एक इजरायली महिला के रूप में साझा किया जा रहा है।

खाड़ी देशों में चल रहे हालिया तनाव के बीच इजरायल की राजधानी तेल अवीव के कुछ हिस्सों में ईरानी मिसाइलों से भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में कई इमारतों को भी निशाना बनाया गया है। जिससे जोड़ते हुए मलबे के बीच रोती हुई एक महिला का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो इस्राइल की राजधानी तेल अवीव का है, जहां वीडियो में नजर आ रही लड़की बमबारी के कारण अपने क्षतिग्रस्त हुए घर को देखने के बाद दुखी हो कर रो पड़ी। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…
तेल अवीव एक महिला अपने घर की स्थिति बताते हुए रो रही है
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। परिणाम में हमें यह वीडियो युसरा मार्दिनी नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर देखने को मिला। पता चला कि यह इंस्टा अकाउंट वायरल हो रही इसी लड़की का है और वीडियो को 14 मार्च 2025 को शेयर किया गया था। वहीं कैप्शन लिखा गया था “मैं घर आ गई हूं… लेकिन मेरा घर अब खड़ा नहीं है। मैं अपनी भावनाएं आपके साथ बांटना चाहती हूं, क्योंकि यह सिर्फ़ मेरी कहानी नहीं है; यह वह अनुभव है जिससे इस समय कई सीरियाई लोग गुज़र रहे हैं- नुकसान, दर्द और सदमा। यह वही घर है जहां मैं बड़ी हुई, जहां मैंने एक बेहतरीन इंसान बनने के सपने बुने और जहां मैंने अपने पिता के साथ मिलकर पड़ोस में उनकी कार भी धोई थी। हां, मेरा घर अब बस मलबे का ढेर है, लेकिन वे यादें मुझे हमेशा आगे बढ़ने की हिम्मत देती रहेंगी।”

इससे इतनी बात तो यहीं साफ़ हो जाती है कि वीडियो न तो अभी का है और न इसका मौजूदा संदर्भ से कोई संबंध है।
आगे और खोज करने पर हमें peacecomms नाम के एक अकउंट पर भी यही वीडियो देखने को मिला। यहां इस वीडियो को 15 मार्च 2025 को शेयर किया गया था। इसमें युसरा मार्दिनी के लिए कैप्शन लिखा गया था “मैं घर आ गई हूँ…लेकिन मेरा घर तो अब रहा ही नहीं?” साथ ही बताया गया था कि युसरा मार्दिनी, 27 साल की एक सीरियाई ओलंपिक तैराक हैं और इनकी कहानी को Netflix पर फ़िल्म ‘The Swimmers’ में दिखाया गया है। इस हफ्ते दस साल में पहली बार वे सीरिया वापस लौटीं। साल 2015 में, यूरोप पहुंचने की कोशिश करते समय, युसरा और दूसरे शरणार्थियों को ले जा रही एक छोटी नाव (डिंगी) एजियन सागर में डूबने लगी थी। अपनी बहन, सारा मार्दिनी के साथ मिलकर, वे पानी में कूद गईं और घंटों तक तैरती रहीं; उन्होंने नाव को सुरक्षित किनारे तक पहुँचाया और उसमें सवार लोगों की जान बचाई। जर्मनी में शरण मिलने के बाद, युसरा ने अपने तैराकी करियर को फिर से शुरू किया और 2016 के ओलंपिक खेलों में, और फिर 2020 में, पहली ‘शरणार्थी ओलंपिक टीम’ के हिस्से के तौर पर हिस्सा लिया।

अल अरबिया की 28 मार्च की रिपोर्ट के अनुसार, युसरा मार्दिनी करीब 10 साल बाद अपने घर लौटीं थी। नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘द स्विमर्स’ में दिखाई गई कहानी के अनुसार, 27 वर्षीय एथलीट के लिए यह घर वापसी किसी सपने के पूरा होने जैसी थी।
इसी तरह हमें मिली एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, मार्दिनी ने 2015 में, जब वह 17 साल की थीं, युद्धग्रस्त सीरिया छोड़ दिया था और उसके बाद 2016 और 2020 के ओलंपिक खेलों में हिस्सा लिया।
इसलिए यह साफ़ है कि सीरिया के एक पुराने वीडियो को ग़लत तरीके से इज़रायल का हालिया वीडियो बताकर शेयर किया गया जा रहा है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। सीरिया के पुराने वीडियो को इस्राइल का बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।


