
बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसक घटनाओं के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें अँधेरे में एक बहुमंजिला इमारत में जोरदार धमाका होते हुए देखा जा सकता है। धमाके के बाद बिल्डिंग जलने लगती है। वहीं वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में हालिया घटनाओं के दौरान यह धमाका हुआ है।
वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- बांग्लादेश में बम बारूद चालू हो गया ,बांग्लादेश में बम बारूद चालू हो गया

अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया, परिणाम में वायरल वीडियो से जुड़ी खबर हमें इंस्टाग्राम अकाउंट पर 7 सितंबर 2025 को अपलोड की हुई मिली। इससे ये साफ है कि वायरल वीडियो हाल ही का नहीं है।

जांच में आगे हमें ‘आई लव यूक्रेन न’ नाम के फेसबुक पेज पर भी यही वीडियो 14 जून को अपलोड किया हुआ मिला। इस पोस्ट के अनुसार, यह यूक्रेन के ज़ापोरिज़्ज़िया के एक रिहायशी इलाके पर शाहेद ड्रोन से हमले का वीडियो है।
यह वीडियो हमें और भी कई सोशल मीडिया हैंडल पर जून में यूक्रेन में हुए हमले की जानकारी के साथ पोस्ट किया हुआ मिला है।
पड़ताल में हमें लइकेन्सिंग की वेबसाइट न्यूज फ्लेयर डॉट कॉम पर 14 जून 2025 को एक रिपोर्ट मिली। जानकारी के अनुसार यूक्रेन के ज़ापोरिज़्ज़िया में ड्रोन हमले का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सैन्य ठिकानों पर हमले के बाद कई धमाके और आग दिखाई देती है।
हमले से पहले तेज़ विमान जैसी आवाज़ सुनाई देती है और फिर ज़ोरदार विस्फोट होता है, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों की खिड़कियों के शीशे टूट गए।
हमने वायरल वीडियो और हमें मिले वीडियो का विश्लेषण किया। स्पष्ट है कि ये वीडियो यूक्रेन का ही है।

बता दें, बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर हिंदुओं के खिलाफ हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीते 24 घंटों में दो हिंदुओं की हत्या ने देश की कानून-व्यवस्था और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात इतने चिंताजनक हो गए हैं कि पिछले 18 दिनों में अब तक 6 हिंदुओं की हत्या हो चुकी है।
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो का बांग्लादेश से कोई संबंध नहीं है। यह यूक्रेन का जून 2025 का वीडियो है, जब वहां की रिहायशी बिल्डिंग पर हमला हुआ था।
Title:बिल्डिंग में धमाके का यह वीडियो यूक्रेन का है, बांग्लादेश का नहीं…
Fact Check By: Sarita SamalResult: Misleading


