UGC विरोध के नाम पर शेयर किया जा रहा यह वीडियो असल में करणी सेना के दिसंबर 2025 में हुए प्रदर्शन का है।

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियमों से जोड़ते हुए हालिया विरोध प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो भ्रामक दावे से फैलाए गए हैं। इसी में एक और वीडियो वायरल हुआ है,जिसमें हजारों की भीड़ दिखाई दे रही है और एक शख्स उस भीड़ को संबोधित कर रहा है। यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। यूज़र ने यह वीडियो इस कैप्शन के साथ साझा किया है…
अन्याय के खिलाफ लड़ाई तेज हो चुकी है मित्रो न्याय के लिए मैदानजंग में कूद पड़े है साथियो तो मरने से क्या डरना
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने पड़ताल की शुरुआत में वायरल वीडियो के की-फ्रेम को लेकर सर्च करना शुरू किया। परिणाम में हमें यह वीडियो ‘महिपाल सिंह मकराणा’ के सत्यापित इंस्टाग्राम अकाउंट पर 21 दिसंबर 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां पर वीडियो को मध्यप्रदेश के हरदा का बताया गया है।

इस आधार पर अब हमने कीवर्ड से न्यूज सर्च किया, जिसके परिणाम में हमें इससे जुड़ी एक खबर और वीडियो MP Tak के यूट्यूब चैनल पर मिली। यहां पर वीडियो को 21 दिसंबर 2025 को अपलोड किया गया था। इसके अनुसार, “करणी सेना अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर हरदा में प्रदर्शन कर रही थी। राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराणा ने प्रदर्शन के दौरान लोगों को संबोधित किया था, जब प्रशासन का कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं आया, तो उन्होंने सरकार को दिल्ली कूच करने की चेतावनी दी थी।”
आगे हमें न्यूज18 हिंदी की एक खबर मिली, जिसे 24 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसके अनुसार, “21 सूत्रीय मांगों को लेकर हो रहे आंदोलन में देशभर से राजपूत समाज और करणी सैनिक शामिल हुए। उनकी मुख्य मांग 12 और 13 जुलाई के लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई को लेकर की गई थी।”
हमें करनी सेना के फेसबुक पेज पर भी वायरल वीडियो मिला, जिसे दिसंबर 2025 में शेयर किया गया था। इसलिए हम सकते हैं कि इस वीडियो का UGC मामले में चल रहे प्रदर्शनों का कोई संबंध नहीं है।
https://www.facebook.com/reel/863054263078549
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह दिसंबर 2025 में मध्य प्रदेश के हरदा में करणी सेना परिवार के जनआंदोलन का वीडियो है। इसका UGC के नए नियमों के खिलाफ विरोध से कोई संबंध नहीं है।
Title:UGC के नए नियमों का विरोध नहीं, बल्कि हरदा में हुआ ‘करणी सेना’ का जनआंदोलन है यह वायरल वीडियो…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


