
सोशल मीडिया पर एक महिला पुलिसकर्मी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोई दिन दहाड़े पुलिस की वर्दी पहने हुए महिला को गोली मारकर भाग जाता है। वीडियो को उत्तर प्रदेश पुलिस पर तंज कसते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के रायबरेली में महिला पुलिसकर्मी की सरेआम हत्या कर दी गई।
वायरल वीडियो के साथ यूजर ने लिखा है- बेटियां कहां सुरक्षित है । वीडियो रायबरेली का बताया जा रहा है ।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
पड़ताल की शुरुआत में हमने वायरल वीडियो के तस्वीरों का रिवर्स इमेज सर्च किया । परिणाम में वायरल वीडियो की क्लिप हमे ajay gupta नाम के इंस्टाग्राम यूजर की अकाउंट पर मिली। जिसके कैप्शन में ‘#behind the scene#BTS#shooting#’ लिखा हुआ था।
इसके अलावा इस वीडियो के नीचे एक शख्स ने रिप्लाई किया है कि, शांत रहिए ये एक शूटिंग का वीडियो है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर सर्च किया। हमें शो का वीडियो सेट इंडिया’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 2 अप्रैल 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो में 2.38 मिनट पर वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो क्राइम पेट्रोल शो के एक एपिसोड का है।


हमें इस एपिसोड का टीजर ‘सेट इंडिया’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 26 जुलाई 2022 को शेयर किया गया था। इस वीडियो में वायरल वीडियो वाले कुछ हिस्से को देखा जा सकता है। साथ ही पुलिस की वर्दी पहने वायरल वीडियो वाली महिला को भी देखा जा सकता है।
इसके सिवा हमें रायबरेली पुलिस की X पोस्ट मिली जिसमें उन्होंने एक यूजर को इस वीडियो के स्क्रिप्टेड होने की जानकारी देते हुए ऐसे वायरल दावों का खंडन किया था। पुलिस ने लिखा था कि,”सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जिसमें महिला पुलिसकर्मी पर फायर किया जा रहा है, के संबंध में अवगत कराना है कि उक्त वीडियो किसी मूवी/सीरियल की शूटिंग का है जो कि हास्यास्पद है। जिसे भ्रामक तरीके से रायबरेली से जोड़कर प्रसारित किया जा रहा है।“
रायबरेली पुलिस ने आगे यह भी लिखा था कि, ‘सभी से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना तथा झूठी अफवायें फैलाने से बचे।ऐसी झूठी खबर फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।‘
निष्कर्ष- तथ्य-जांच के बाद हमने पाया कि, वायरल वीडियो असली घटना नहीं है, बल्कि स्क्रिप्टेड वीडियो का सीन है। जिसके लिए रायबरेली पुलिस ने भी अपने एक्स पर इस दावे का खंडन किया है।
Title:महिला पुलिसकर्मी के मर्डर के दावे से वायरल वीडियो असली घटना नहीं है, बल्कि यह स्क्रिप्टेड वीडियो का सीन है…
Fact Check By: Sarita SamalResult: False


