अमित शाह ने नहीं कहा कि मोदी ने किसानों को पहुँचाया नुकसान, विपक्ष पर लगाया था गुमराह करने का आरोप…

Misleading Political

भ्रामक दावे के साथ शेयर हुआ अमित शाह का अधूरा वीडियो, ट्रेड डील से किसानों के नुकसान वाली बात पीएम मोदी के लिए नहीं बल्कि विपक्ष के लिए कही गई थी।

इन दिनों सोशल मीडिया पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें अमित शाह को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘इंग्लैंड, इसके साथ हुए जो एफटीए और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील, ये दोनों के माध्यम से मोदी जी ने किसानों के हित को नुकसान पहुंचाया है।’ यूज़र्स इस वीडियो को सच मान कर यह दावा कर रहे है कि अमित शाह ने अपने ही सरकार के नीतियों के खिलाफ यह बयान दिया और कहा कि अमेरिका से ट्रेड डील करके पीएम मोदी ने देश के किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाया है।वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

देश के होम मिनिस्टर और भाजपा के सर्वेसर्वा अमित शाह खुद स्वीकार कर रहे हैं कि “यूरोपियन यूनियन के साथ हुए FTA और US Trade Deal के माध्यम से मोदीजी ने किसानों के हित को नुकसान पहुंचाया है।”जब अपनी ही सरकार के वरिष्ठ नेता यह मान रहे हैं, तो सच्चाई साफ है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की नीतियों का बोझ आखिर किसान ही क्यों उठाए?सत्य कभी-कभी जुबान पर आ ही जाता है,क्योंकि सवाल देश के अन्नदाता के भविष्य का है।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

 हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के बारे में कीवर्ड से सर्च किया। परिणाम में हमने यह पाया कि अमित शाह का यह बयान अधूरा था। हमें वायरल वीडियो का पूरा वर्जन अमित शाह के यूट्यूब अकाउंट पर मिला, जहां से 15 फरवरी को लाइव किया गया था। जहां वे गुजरात में भारत की पहली CBDC-आधारित सार्वजनिक वितरण प्रणाली का उद्घाटन के मौके पर पहुंचे थें। इस कार्यक्रम के दौरान वे किसानों और गरीबों को लेकर अपनी सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों का उल्लेख कर रहे थें। तभी उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोगों को गुमराह करने का भी आरोप लगाया था।

अपने भाषण में अमित शाह कहते हैं, “मित्रों कांग्रेस सरकार और कांग्रेस का नेतृत्व हमेशा झूठ बोलकर जनता को गुमराह करता रहा। मुझे तो हंसी आती है।  इस देश की पार्लियामेंट में कांग्रेस के शहजादे राहुल गांधी किसानों की बात करते हैं। मैं आज उनको कहना चाहता हूं कि आपने किसानों का कितना अनाज खरीदा था। 10 साल यूपीए सरकार के मनमोहन सरकार के और 10 साल नरेंद्र मोदी सरकार के। हमने आपसे 15 गुना ज्यादा अनाज एमएसपी पर किसानों से खरीदने का काम किया। आपके समय में किसानों का बजट मात्र 26,000 करोड़ था। इस समय में किसानों का बजट 26000 करोड़ से बढ़ाकर 1 लाख 29 हजार करोड़ करने का काम नरेंद्र मोदी जी ने किया। आपने एक बार 70 साल में एक बार लोन माफी का झुनझुना पकड़ाकर किसानों को गुमराह करने का काम किया। मोदी जी 10 साल से हर किसान के बैंक अकाउंट में 6000 रूपया हर साल भेजकर उसको लोन ना लेना पड़े ऐसी व्यवस्था कर रहे हैं। 

आगे वे कहते हैं कि “मित्रों वह गुमराह कर रहे हैं कि यूरोपियन यूनियन, इंग्लैंड इसके साथ हुए जो एफटीए और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील, ये दोनों के माध्यम से मोदी जी ने किसानों के हित को नुकसान पहुंचाया। मैं राहुल गांधी जी को चैलेंज देना चाहता हूं। किसी भी मंच को तय कर लो। भारतीय जनता पार्टी का युवा मोर्चे का अध्यक्ष आकर आपसे चर्चा कर लेगा। नुक्सान किसने किया है? मैं इस देश के किसानों को इस मंच से आश्वस्त करना चाहता हूं क्योंकि एक प्रकार से कार्यक्रम जो है एक प्रकार से तो ये कार्यक्रम गरीबों को पारदर्शी तरीके से अनाज पहुंचाने का है। मगर ये कार्यक्रम किसानों का भी है। क्योंकि अनाज कहां से आता है? आज हमारे प्रहलाद भाई जो एमएसपी पर गेहूं, धान, दलहन खरीदते हैं वो उचित दामों पर और मुफ्त में किसानों तक पहुंचाने का कार्यक्रम है। मैं आज इस मंच से देश के किसानों को कहने आया हूं कि राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं। देश के किसानों को गुमराह कर रहे हैं। इंग्लैंड और यूरोपियन यूनियन के साथ हुए एफटीए और अमेरिकन ट्रेड डील, ये दोनों समझौते में किसानों को पूर्णतया नरेंद्र मोदी जी ने सुरक्षित किया है। किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।“

फिर वे आगे कहते हैं “ये डेयरी की भूमि है। राहुल गांधी जी क्या आप झूठ फैला रहे हो? मोदी जी ने यह ट्रेड डील करके हमारी डेयरी को समाप्त कर दिया।  अरे हम तो डेयरी के लिए रास्ता बढ़ाने वाले लोग हैं। दोनों तीनों समझौतों में डेयरी सेक्टर को पूर्णतया सुरक्षा देने का काम नरेंद्र मोदी जी ने किया है। इसके माध्यम से हमारे कृषि उत्पाद और हमारे मछुआरों के प्रोडक्ट पूरे दुनिया के बाजार में पहुंचने का रास्ता भी खुला है। मैं आज फिर से एक बार भारत के मछुआरों को, भारत के पशुपालकों को और भारत के कृषकों को, किसानों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कभी भी आपके हितों के साथ समझौता भारतीय जनता पार्टी के नेता नरेंद्र मोदी कर ही नहीं सकते। यह असंभव है”। 

इस पूरा भाषण को 12 मिनट से 17 मिनट के बीच देख सकते हैं।

आगे हमें अमित शाह के फेसबुक अकाउंट से भी 15 फरवरी को लाइव किया हुआ यहीं वीडियो मिला, जिसमे अमित शाह कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए वे तमाम बातें कह रहे थें, जिसका ऊपर जिक्र गया है।

https://www.facebook.com/share/v/1CAHGKuCNQ

अमित शाह के पूरा बयान को द प्रिंट के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ देख सकते हैं। पूरे बयान में अमित शाह विपक्ष पर ही निशाना साधते हैं।  

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, यूरोपीय यूनियन के साथ हुए एफटीए और अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाने वाला अमित शाह का यह बयान अधूरा ही फैलाया जा रहा है। उन्होंने यह बयान पीएम मोदी के खिलाफ नहीं बल्कि कांग्रेस और राहुल गांधी के संदर्भ में दिया था,जिसे भ्रामक दावे से साझा किया जा रहा है। 

Avatar

Title:अमित शाह ने नहीं कहा कि मोदी ने किसानों को पहुँचाया नुकसान, विपक्ष पर लगाया था गुमराह करने का आरोप…

Fact Check By: Priyanka Sinha  

Result: Misleading

Leave a Reply