केजरीवाल का वायरल वीडियो एडिटेड है, उन्होंने कहा था कि यमुना के मुद्दे पर वोट नहीं मिलने का बाद भी वो उसकी सफाई करवाएंगे।

दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों की घोषणा कर दी है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक फेज में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। जबकि, चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस बीच दिल्ली के पूर्व सीएम और आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल का 36 सेकंड का एक वीडियो क्लिप काफी वायरल हो रहा है। ये वीडियो क्लिप उनके इंटरव्यू का है, इसमें केजरीवाल कहते हैं कि “जो ये इमोशनल चीजें हैं न सर कि यमुना साफ हो गई, सड़कें ठीक हो गईं… जो आदमी को सारा वक्त दिख रहा होता है, वो आदमी के दिमाग में जो सबकॉनशियसली जो नरेटिव क्रिएट करता है न, कि… जो यह बोलते हैं, वो करते हैं। आई थिंक अगर आप यमुना साफ कर देते हो न, यू विल बी वेरी अनडिफीटेबल इन डेल्ही, बिकॉज़ पीपल विल सी इट, पीपल कैन पॉइंट टू इट कि देखो साफ हो गई (तो आपको दिल्ली में कोई हरा नहीं सकता क्योंकि वो लोग देखेंगे और बोलेंगे देखो साफ हो गई), हम इतने दिनों से यहां पर झाग-झाग देखा करते थे।“ इसके जवाब में अरविंद केजरीवाल कहते नजर आते हैं, “प्रखर, मैं अब थोड़ी-बहुत पॉलिटिक्स तो समझने लगा हूं, यमुना पे वोट नहीं मिलेंगे।” यह वीडियो क्लिप बीजेपी दिल्ली के फेसबुक अकाउंट द्वारा साझा किया गया है, जिसे शेयर करते हुए यह लिखा गया है…
“केजरीवाल अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स समझने लगे हैं और अब इन्हें यह भी समझ आ गया कि हिंदुओं की आस्था और श्रद्धा की प्रतीक यमुना जी को साफ करने से AAP को वोट नहीं मिलेगा। गजब धूर्त आदमी है!”
इसी दावे के साथ हमें यहीं वीडियो थ्रेड्स पर भी साझा किया हुआ मिला।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल लेंस सर्च किया। परिणाम में हमें अरविंद केजरीवाल के वायरल क्लिप से मिलता हुआ वीडियो ‘प्रखर के प्रवचन नाम’ के यूट्यूब चैनल पर मिला। यह वीडियो 27 दिसंबर 2024 को पोस्ट किये गए एक इंटरव्यू का है।
इसी इंटरव्यू में 43:13 के टाइम फ्रेम पर हमने देखा कि होस्ट केजरीवाल से कहते हैं कि, “मुझे लगता है कि अगर आप यमुना साफ कर देते हैं तो दिल्ली क्षेत्र में अजेय हो जाएंगे क्योंकि लोग इसे देखेंगे और पसंद करेंगे कि देखो यमुना नदी साफ हो गई जिसमें हम इतने दिन से झाग देखा करते थे।” इसी के जवाब में केजरीवाल कहते हैं, “प्रखर, मैं अब थोड़ी बहुत पॉलिटिक्स तो समझने लगा हूं, यमुना नदी के मुद्दे पर वोट नहीं मिलेंगे, लेकिन मैं फिर भी इसे साफ करूंगा क्योंकि मैं यहां पर वोट की राजनीति करने के लिए नहीं आया हूं।” केजरीवाल आगे बीजेपी-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहते हैं, “वोट की राजनीति तो यह लोग कर ही रहे थे। सत्ता से पैसा, पैसे से सत्ता यह लोग कर ही रहे थे। वो करने के लिए मैं नहीं आया। मैं जब स्कूल बनवाता हूं तो मैं यह नहीं देखता कि इसकी वजह से मुझे वोट मिलेंगे कि नहीं मिलेंगे, मैं जब अस्पताल बनवाता हूं तो मैं यह नहीं देखता इसकी वजह से मेरे को वोट मिलेंगे कि नहीं मिलेंगे।”
यहां ये साफ़ हो जाता है कि केजरीवाल यमुना की सफाई में आ रही बाधाओं पर आप सरकार द्वारा किए जा रहे कामों पर चर्चा कर रहे थें। उनके द्वारा यह कहा जा रहा था कि अगर उन्हें यमुना पर वोट नहीं मिला तो भी वो उसकी सफाई करवाएंगे।
थोड़ा और ढूंढने पर हमें यह पता चला कि इस इंटरव्यू के एक क्लिप को अरविंद केजरीवाल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर भी शेयर किया है। जिसमें वो यमुना को साफ करने में बारे में बात कर रहे हैं।
अंत में हमने वायरल वीडियो और हमें मिली वीडियो की तुलना कर यह स्पष्ट किया कि केजरीवाल का वायरल वीडियो क्रॉप्ड है। वो यमुना को साफ करवाने की बात करते हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि अरविंद केजरीवाल का वायरल वीडियो क्लिप एडिटेड है और इसे भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

Title:यमुना नदी की सफाई पर अरविंद केजरीवाल के बयान का अधूरा वीडियो भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Altered
