अफगानिस्तान की टीम का मैच जीतने के बाद तिरंगा लहराने के दावे से एडिटेड तस्वीर वायरल …

Altered Sports

मैच जीतने के बाद अफगानिस्तान की टीम का तिरंगा लहराने के दावे से वायरल तस्वीर एडिटेड है।

इन दिनों ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तहत क्रिकेट मैच खेले जा रहे हैं जिसमें 26 फरवरी को पाकिस्तान के लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में इंग्लैंड और अफ़गानिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। आठ रन से मैच को जीत कर अफ़गानिस्तान की टीम ने इंग्लैंड को इस चैंपियंस ट्रॉफी से ही बाहर का रास्ता दिखा दिया। इसी टूर्नामेंट से एक तस्वीर आजकल सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वायरल तस्वीर में अफगानिस्तान की टीम के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य को भारतीय झंडे के साथ दिखाया गया है। टीम के सदस्य अपने हाथ में तिरंगा लिए राशिद खान का अभिवादन करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यूज़र्स ने तस्वीर शेयर करते हुए यह दावा किया है कि चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड के खिलाफ मैच जीत कर अफगानिस्तान के एक क्रिकेटर ने तिरंगा ले कर जश्न मनाया। पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा है कि…

इंग्लैंड से जीतने के बाद अफगानिस्तान की टीम ने पाकिस्तानी ग्राउंड पर लहराया भारतीय झंडा जिसे देखकर पूरे पाकिस्तान अवाम् की सुलग गई।

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में तस्वीर को ध्यान से देखा। यहां हमने देखा कि जिस शख्स ने तिरंगा पकड़ा हुआ है उसके हाथ के पोज़िशन ठीक नहीं है। फिर तिरंगे की तस्वीर भी वास्तविक नहीं लगती क्यूंकि ध्यान से देखने पर यह अलग से पेस्ट किया हुआ लग रहा है। इसलिए हमें यह संदेह हुआ कि तस्वीर को एडिट ही किया गया है। 

अंदेशा होने पर हमने इस तस्वीर के बारे में जानने के लिए जियो हॉटस्टार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अफगानिस्तान और इंग्लैंड के मैच के रिप्ले को देखा। हमने पूरे वीडियो को ध्यान से देखा लेकिन हमें वायरल तस्वीर से मिलते हुए ऐसे कोई दृश्य नहीं दिखें। इसके बाद पूरा वीडियो खत्म होने के पहले से कुछ देर पहले के वीडियो को देखने पर हमने  पाया कि मैच खत्म होने के बाद अफगानिस्तान की टीम और सपोर्ट स्टाफ मैदान में आ कर एक-दूसरे से गले लगते हैं। यहीं पर हमने उस शख्स को भी देखा जिसके हाथ में वायरल तस्वीर में तिरंगा दिखाया गया है। मूल वीडियो में उस शख्स के हाथ में भारतीय ध्वज नहीं दिख रहा बल्कि वो हाथ फैलाये अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम से गले लगते दिख रहा है। यहीं पर स्पष्ट होता है कि इसी हिस्से को एडिट कर सपोर्ट स्टाफ के सदस्य के हाथ में तिरंगा पकड़ा दिया गया है।

हमने मूल वीडियो से मैच के उस विजुअल को रिकॉर्ड किया है जिसे यहां देखा जा सकता है।

इस तस्वीर हमने को AI डिटेक्टर टूल पर भी चेक किया। इससे यह भी स्पष्ट है कि वायरल इमेज AI जनेरेटेड भी नहीं है, बल्कि एडिटिंग टूल्स की मदद से इसमें तिरंगा अलग से जोड़ा गया है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल यह तस्वीर एडिटेड है। क्यूंकि तस्वीर में दिखाई दे रहे शख्स के दोनों हाथ के बीच में अलग से झंडा लगाया गया है।असली वीडियो को देखने से पता चलता है कि अफगानिस्तान के मैच जीतने के बाद टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ग्राउंड पर आकर एक-दूसरे से गले लगते हैं। उसी समय के एक फ्रेम को एडिट कर के भ्रामक तौर पर शेयर किया जा रहा है। 

Avatar

Title:अफगानिस्तान की टीम का मैच जीतने के बाद तिरंगा लहराने के दावे से एडिटेड तस्वीर वायरल …

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Altered