कश्मीर में बिजली मीटर तोड़ती महिलाओं का वीडियो पुराना, ईरान-इजरायल युद्ध से कोई संबंध नहीं।

मिडिल ईस्ट में यूएस-इजरायल और ईरान के बीच चल रह युद्ध संकट गहराया हुआ है। वहीं भारत की तरफ से हाल ही में कश्मीर के लोगों ने ईरानी लोगों की मदद के लिए चंदा इकट्ठा किया था। इसी से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें एक जगह पर कुछ महिलाएं हैं जो गुस्से में बिजली के मीटर को तोड़ती हुई दिख रही है। वीडियो को अभी चल रहे ईरान-इजरायल के युद्ध से जोड़ते हुए साझा किया जा रहा है। साथ ही दावा किया जा रहा है कि वीडियो कश्मीर का है जहां पर लोगों ने कुछ दिन पहले ईरान को 600 करोड़ रुपये जमा करके दान दिए और अब महिलाएं फ्री बिजली के लिए मीटर तोड़ रही है। वीडियो को फेसबुक पर इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
अभी कुछ ही दिन पहले, कश्मीर ने 600 करोड़ रुपये जमा करके ईरान को दान दिए थे; अब बिजली के मीटर तोड़े जा रहे हैं।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया। परिणाम में हमें झेलम टाइम्स के इंस्टाग्राम पेज पर 26 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया यहीं वीडियो मिला। यहां पोस्ट में बताया गया था कि कश्मीर में महिलाओं ने स्मार्ट बिजली मीटरों को लगाए जाने का विरोध किया था, क्योंकि कई परिवार सालों से नियमित रूप से बिजली बिल नहीं भर रहे थें।
https://www.instagram.com/reels/DRgf6QJkp5X
इसके बाद हमें एक स्थानीय समाचार ऑउटलेट जेके अपडेट के फेसबुक पेज पर भी यहीं वीडियो मिला। यहां कैप्शन में बताया गया था कि कश्मीर में मुस्लिम महिलाएं बिजली बिल की जानकारी नहीं होने के कारण स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध कर रही थीं।
https://www.facebook.com/reel/1993345664566897
मिली जानकारी की मदद से और खोज करने पर हमें न्यूज़ एक्स के आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी 26 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया यहीं वायरल वीडियो मिला। कैप्शन के अनुसार, कश्मीर में मुस्लिम महिलाओं ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने का विरोध किया था। क्यूंकि उन्हें बिजली के बिल नहीं भरने थें।
https://www.facebook.com/reel/2223393971470103
26 नवंबर 2025 को प्रकाशित एशियानेट न्यूज के अनुसार, वायरल वीडियो के दृश्य दिखाई देते हैं। पता चलता है कि कश्मीर में मुस्लिम महिलाएं बिजली का स्मार्ट मीटर लगाए जाने का जमकर विरोध कर रही थीं। तभी कई महिलाओं ने इकट्ठा होकर कई स्मार्ट मीटरों को नष्ट कर दिया। उनका कहना था कि बीते दिनों बिजली की कीमतों में हुई वृद्धि के चलते उन्हें बिजली का बिल भरने में परेशानी का सामना करना पड़ा, इसलिए उन्होंने स्थानीय बिजली विभाग से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को तत्काल बंद करने की मांग की।
इसी तरह 8 जुलाई 2023 को छपी द हिंदू की रिपोर्ट से पता चलता है कि कश्मीर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध हुआ था।
इसलिए स्पष्ट है कि बिजली का मीटर तोड़ती महिलाओं का यह वीडियो मौजूदा संदर्भ से सम्बंधित नहीं है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि, वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। कश्मीर मे इलेक्ट्रिक मीटर के खिलाफ़ प्रदर्शन के पुराने वीडियो को ईरान-इजरायल के हालिया युद्ध से जोड़कर भ्रामक रुप में फैलाया जा रहा है।


