वायरल इस वीडियो का अभी चले बिहार विधानसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। यह पांच साल पुराना वीडियो है।

बिहार में चल रहे विधानसभा चुनाव के संदर्भ से जोड़ते हुए इंटरनेट पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिखाई दे रहा है कि एक शख्स सेल्फी लेने तेजस्वी के पास आता है तो वे उस व्यक्ति का हाथ पकड़कर उसे धकेलते हैं। यह वीडियो साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि सेल्फी ले रहे समर्थक को तेजस्वी यादव ने दूर धकेल दिया। यूज़र ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा है…
तेजस्वी यादव के समर्थक उनके साथ सेल्फी लेना चाहते थे तो तेजस्वी ने हाथ पकड़कर बाहर कर दिया उखाड़ कर फेंकने बहुत ताकत लगा दिया
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें एनएमएफ़ नाम के यूट्यूब चैनल पर 29 अक्टूबर 2020 को अपलोड किया हुआ यहीं वायरल वीडियो मिला। इसके साथ कैप्शन लिखा था, “सेल्फी के नाम पर भड़के Tejashwi, कार्यकर्ता का हाथ पकड़कर झटक दिया।” इससे इतनी बात यहीं स्पष्ट हो जाती है कि यह हाल का वीडियो नहीं है।
फिर हमें यहीं वीडियो ज़ी बिहार झारखण्ड के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला, जिसे 29 अक्टूबर 2020 को अपलोड किया गया था। इसके साथ लिखे विवरण के अनुसार, बिहार महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवा तेजस्वी यादव के गुस्से का एक वीडियो वायरल हो हुआ। वीडियो उनकी किसी सभा का है, जिसमें सभा से निकलने के दौरान एक युवक उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तेजस्वी यादव भड़क गए। तेजस्वी ने युवक युवक को बांह पकड़कर पीछे धकेल दिया।
और सर्च करने पर हमें 29 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित etv भारत की रिपोर्ट मिली। इसके अनुसार, तेजस्वी यादव डुमरा हवाई अड्डा मैदान पर जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान वहां काफी भीड़ थी और तेजस्वी जल्द से जल्द सभा कर वहां से निकल जाना चाहते थे। रैली में तजेस्वी यादव जैसे ही अपनी रैली को संबोधित कर अपने हेलीकॉप्टर की तरफ बढ़े। तभी एक युवक उनके पास तक जा पहुंचा और तेजस्वी के साथ सेल्फी लेने की कोशिश करने लगा, लेकिन भीड़ से बचकर आए तेजस्वी का गुस्सा इस समर्थक पर फूट गया। उन्होंने युवक का हाथ पकड़कर उसे पीछे धक्का दे दिया।
ऐसी ही खबर हमें दैनिक भास्कर की रिपोर्ट में भी मिली, जिसमें यह बताया गया है कि यह घटना गोरियाकोठी की है। घटना के बाद तेजस्वी ने बताया कि रैली के बाद लोग उनके हेलिकॉप्टर के नजदीक पहुंच गए थे अगर उन्होंने उस व्यक्ति को धक्का नहीं दिया होता तो हादसा हो सकता था। राजद की तरफ से इस पूरे मामले पर सफाई दी गई थी।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, सेल्फी लेने के लिए तेजस्वी यादव के पास पहुंचें समर्थक को धक्का दे कर दूर भगाने वाला वायरल वीडियो पांच साल पुराना है। इस वीडियो का मौजूदा बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।
Title:सेल्फी लेने पहुंचे युवक को दूर धकेलते तेजस्वी यादव का पांच साल पुराना वीडियो, हाल के दिनों का बता कर भ्रामक दावे से वायरल
Fact Check By: Priyanka SinhaResult:Missing Context


