सीमा कुशवाहा का यह वीडियो वर्तमान का नहीं बल्कि साल 2020 का है। इसका बिहार चुनाव में राजद की तरफ से टिकट न मिलने से कोई मतलब नहीं है।

बिहार में विधानसभा चुनाव 2025 के राजद ने 143 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इसमें तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव लड़ेंगे। तेजस्वी यादव ही महागठबंधन की तरफ से सीएम फेस बने है। जबकि महागठबंधन में 100 सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ी गई हैं। ऐसे में यह समझा जा रहा है कि राजद ने उम्मीदवारों का चयन करते समय जातीय और सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता सीमा कुशवाहा का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भावुक होकर रोती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि राजद ने सीमा कुशवाहा को टिकट नहीं दिया तो वह इस तरह रो पड़ी।यह वीडियो इस कैप्शन के साथ है…
सीमा कुशवाहा के साथ क्या हो गया ? RJD के स्टार प्रचारक के साथ क्या खेल हो गया?
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वीडियो से संबंधित कीवर्ड को गूगल सर्च किया। परिणाम में हमें न्यूज़ 4 नेशन के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो का लंबा वर्जन मिला। यहां पर वीडियो को 6 अक्टूबर 2020 को अपलोड किया गया था, जिसमें एक मिनट 50 सेकंड पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा आता है। इसमें उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा में रही सीमा कुशवाहा ने टिकट कटने के बाद फेसबुक लाइव के जरिए उपेंद्र कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए थें। इस पूरे वीडियो में वह टिकट कटने, पार्टी से इस्तीफा देने और पप्पू यादव से चुनाव लड़ने के लिए मिले प्रस्ताव पर बात करती नज़र आती है। इससे इतनी बात तो यही साफ़ हो जाती है कि यह वीडियो अभी का बिलकुल नहीं है।
हमें News One 11 के यूट्यूब चैनल पर भी 7 अक्टूबर 2020 को अपलोड किया गया पूरा वीडियो मिला।
ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी सीमा कुशवाहा के इस वीडियो से संबंधित रिपोर्ट को देखा जा सकता है, जिसे 6 अक्टूबर 2020 में प्रकाशित किया गया था।
लाइव सिटीज बिहार की वीडियो रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने महागठबंधन से अलग होकर बहुजन समाज पार्टी के साथ नया गठबंधन बना लिया था। इसी कारण सीमा कुशवाहा की संभावित करगहर सीट बसपा के खाते में चली गई थी। रालोसपा की प्रदेश महासचिव रही सीमा कुशवाहा ने टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर रालोसपा से इस्तीफा दे दिया था और उपेंद्र कुशवाहा पर गंभीर आरोप लगाए थे।
इसके बाद जुलाई 2023 में सीमा ने राजद का दामन थाम लिया था।
पड़ताल में हमें सीमा कुशवाहा के एक्स हैंडल पर एक वीडियो मिला, जिसमें वो वायरल वीडियो का खंडन कर रही है और तेजस्वी यादव के लिए वोट अपील करती दिख रही है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि सीमा कुशवाहा के वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो हालिया नहीं है बल्कि साल 2020 का है जब वे उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा से टिकट नहीं मिलने पर भावुक हो कर रोती हुई दिखाई दी थीं। उनके उसी पुराने वीडियो को अभी का बता कर भ्रामक दावा किया गया है।
Title:रोती हुई सीमा कुशवाहा का पुराना वीडियो बिहार चुनाव से जोड़ कर हालिया दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Missing Context


