कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का यह वीडियो 2024 के शीतकालीन सत्र के दौरान का है, जिसे अभी का बता कर शेयर किया जा रहा है।

अभी हाल ही में 19 दिसंबर 2025 को संसद के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के कक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं की मुलाकात हुई थी। यह एक अनौपचारिक मुलाकात थी। जिससे जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को सदन में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाते हुए दिखाया गया है। यह वीडियो ऐसे समय पर साझा किया जा रहा है जब दिसंबर 2025 में बांग्लादेश में कथित ईशनिंदा के आरोप में दीपू चंद्र दास नाम के एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वायरल वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, खासकर हिंदू और ईसाई समुदाय पर हो रहे कथित हमलों को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चिंता जताई है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया। परिणाम में हमें जी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 16 दिसंबर 2024 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड किया हुआ मिला। पता चलता है कि, संसद में प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में हिदुओं व ईसाइयों पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया था। वीडियो में 2.15 मिनट से वायरल क्लिप को देखा जा सकता है।
फिर हमें 16 दिसंबर 2024 को संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर लोकसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही का वीडियो मिला। यहां पर 2 मिनट के बाद से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
आगे हमें यह पता चला कि 16 दिसंबर 2024 को संसद सत्र के शून्यकाल के दौरान प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचार का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि सरकार को बांग्लादेश में हिंदू और ईसाई अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और पीड़ितों को समर्थन देना चाहिए।
इस बारे में हमें न्यूज एजेंसी ANI के यूट्यूब चैनल पर 16 दिसंबर 2024 का अपलोड किया हुआ इससे संबंधित एक वीडियो मिला, जिसमें वायरल वीडियो वाला हिस्सा मौजूद था।
इसलिए स्पष्ट हुआ जा सकता है कि वायरल वीडियो पिछले साल लोकसभा के शीतकालीन सत्र का है, अभी का नहीं।
दीपू दास हत्या
अभी हाल ही में बांग्लादेश में भड़की हिंसा में धर्म का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी थी। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने 19 दिसंबर को अपने एक्स हैंडल से इस घटना पर चिंता जताते हुए पोस्ट किया था, “बांग्लादेश में हिंदू दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार अत्यंत चिंताजनक है। किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है। भारत सरकार को पड़ोसी देश में हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का संज्ञान लेना चाहिए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष उनकी सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाना चाहिए।”
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा पर अपनी बात कहती कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का वीडियो हालिया नहीं बल्कि, पिछले साल संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान का है। इसका हालिया संदर्भ से कोई संबंध नहीं है।
Title:अल्पसंख्यकों परअत्याचार का मुद्दा उठातीं प्रियंका गांधी का पुराना वीडियो हालिया दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading


