बांग्लादेश को लेकर पीएम मोदी का इस्तीफा मांगते योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो AI जेनरेटेड है।

Altered Political

प्रधानमंत्री मोदी से बांग्लादेश पर सीएम योगी ने नहीं की इस्तीफे की मांग, मूल वीडियो से स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो AI निर्मित है।

बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की कथित भीड़ द्वारा पीटकर की गई हत्या के संदर्भ से जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वे कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बांग्लादेश पर हमला न कर पाने की स्थिति में इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं।यूज़र ने वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया है…

मोदी जी के लिए योगी आदित्यनाथ ने बोली इतनी बड़ी बात बांग्लादेश को लेकर मोदी पर योगी गुस्से से लाल

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। परिणाम में हमें वायरल वीडियो का पूरा वर्जन ANI भारत के यूट्यूब चैनल पर मिला। 25 दिसंबर 2025 को अपलोड किए गए वीडियो के अनुसार, यह उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सीएम योगी की पूरी स्पीच की रिकॉर्डिंग थी। वीडियो में 59:57 के टाइमफ्रेम पर दिखाई देता है कि योगी आदित्यनाथ बांग्लादेश में दलित युवक की हत्या की चर्चा करते हैं और विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि यह उनकी तुष्टिकरण का नतीजा है। योगी कहते हैं, “अगर बांग्लादेश पाकिस्तान नहीं बना होता तो इस तरीके से हिंदू नहीं जलाया होता और जलाता जाता तो फिर उसकी क्या दुर्गति होती यह वह भी जानता, यह सुरक्षा की गांरटी है। आप लोग गाजा पट्टी में कुछ भी होने पर आंसू बहाते हैं। लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदू मारा जाता है तो आपके मुंह बंद हो जाते हैं क्योंकि मरने वाला हिंदू है दलित है।” इसके आगे योगी कहते हैं कि इस घटना की आलोचना होनी चाहिए और और नेता विरोधी दल की तरफ से इस पर निंदा प्रस्ताव आना चाहिए। 

यानी की वे बांग्लादेश के हिंदुओं का मुद्दा उठा रहे थें। साथ ही अपने भाषण में विपक्ष पर चुप्पी का आरोप लगाते हुए सवाल कर रहे थें। लेकिन इसके लिए उन्होंने पीएम मोदी से इस्तीफे की मांग नहीं की थी।

आगे हमें उत्तर प्रदेश विधानसभा के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया उसी फुटेज का विस्तारित संस्करण मिला, जिसमें शीर्षक दिया गया था,”उत्तर प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र (24 दिसंबर 2025) चौथा दिन”। पूरे वीडियो को ध्यान से देखने पर हमने पाया कि वायरल क्लिप से मेल खाने वाले दृश्य लगभग 5:26:50 मिनट पर दिखाई देते हैं। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की हत्या पर आक्रामक ढंग से बात करते हैं। हुए इस घटना का जिक्र विपक्ष के लिए विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर हमला करने के लिए करते हैं। लेकिन कहीं भी या किसी भी पॉइंट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफा देने या बांग्लादेश पर हमले करने की बात नहीं करते हैं।

हमें अपनी जांच में कहीं भी प्रधानमंत्री मोदी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बांग्लादेश के हालिया मामले पर इस्तीफे मांगने जैसी कोई खबर नहीं मिली। क्यूंकि अगर ऐसा हुआ होता तो यह मीडिया की सुर्ख़ियों में जरूर होती।

इसके बाद आगे बढ़ते हुए हमने वायरल वीडियो को नोटिस किया। इसमें हमें खामियां मिली जैसे की वीडियो में सीएम योगी के लिप सिंक सही नहीं दिखे। साथ ही ऑडियो में भी असमानता दिखी। इससे हमें शक हुआ कि यह वीडियो एआई की मदद से बनाया गया हो। 

इसकी पुष्टि के लिए हमने एआई वॉइस डिटेक्टर टूल Hiya की मदद से इसे चेक किया। स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो वास्तविक नहीं है।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वायरल वीडियो जिसमें, वे प्रधानमंत्री मोदी से बांग्लादेश पर हमला न कर पाने की स्थिति में इस्तीफा देने की मांग कर रहे हैं वास्तविक नहीं बल्कि AI जेनरेटेड वीडियो है।

Avatar

Title:बांग्लादेश को लेकर पीएम मोदी का इस्तीफा मांगते योगी आदित्यनाथ का यह वीडियो AI जेनरेटेड है।

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: Altered