वायरल तस्वीर 2017 बिहार बाढ़ की है, पंजाब में अभी आई की स्थिति से सम्बंधित नहीं है।

पंजाब के कई ज़िलों में भीषण बाढ़ ने तबाही मचाई हुई है जोकि इस समय भयंकर बाढ़ से जूझ रहा है। राज्य सरकार ने सभी 23 जिलों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया है। भारी बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण पंजाब के 1902 गांव जलमग्न हो गए हैं। वहीं 3 लाख लोग प्रभावित हुए और अब तक इससे 43 मौतें हुईं हैं। भारी बारिश से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक तस्वीर काफी वायरल हो रही है जो भावुक कर देने वाली है। तस्वीर में एक शख्स है जो गर्दन तक पानी में खड़ा है और एक छोटी नाव पर अनाज ढो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह पंजाब बाढ़ से हुई तबाही की हालिया तस्वीर है। यूज़र द्वारा तस्वीर को एक कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
सैटलाइट से सिर्फ धुंआ दिखता है तबाह होती हरियाणा की फसल , और डूबता पंजाब नहीं दिखता वाहेगुरु मेहर करी

अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें यहीं तस्वीर 2017 में कई समाचार रिपोर्टों में छपी हुई मिली। 10 सितंबर, 2017 की एक स्क्रॉल रिपोर्ट में इस तस्वीर की पहचान बिहार के अररिया ज़िले की बताई गई है, जब उस साल भयानक बाढ़ आई थी और सबसे ज़्यादा लोग प्रभावित हुए थें। इस आपदा में 500 से ज़्यादा लोग मारे गए थे और लगभग दो करोड़ लोग विस्थापित हुए थे, जिनमें अकेले अररिया में 2.2 लाख लोग शामिल थे। बाढ़ में भारी तदाद में खाद्यान्न भी नष्ट हो गया था।
इस तस्वीर का इस्तेमाल इंडियन एक्सप्रेस, रेडिफ, डेक्कन हेराल्ड और हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में किया था। इनके अनुसार, वायरल तस्वीर 2017 में बिहार में आई बाढ़ के दौरान की है।

इसके अलावा हमें स्टॉक फ़ोटोग्राफ़ी प्लेटफ़ॉर्म अलामी पर भी 16 अगस्त, 2017 को इस तस्वीर का एक संस्करण मिला। इसलिए हम कह सकते हैं कि वायरल तस्वीर का पंजाब से कोई संबंध नहीं है।
पंजाब में इस वक़्त बाढ़ से हालात काफी बुरे हैं। वहां की स्थिति को दर्शाते हुए हमें न्यूज़ एजेंसी ANI के एक्स पर बाढ़ की तस्वीरें साझा की हुई मिली हैं, जिनको 2 सितंबर 2025 में पोस्ट किया गया है।
साथ ही वीडियो भी पोस्ट किए हुए देखे जा सकते हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से पता चलता है कि, वायरल तस्वीर के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल तस्वीर साल 2017 की है जब बिहार में आई बाढ़ ने अपना कहर बरपाया था। उसी समय की तस्वीर को पंजाब में अभी आई बाढ़ से जोड़ कर भ्रामक दावे से साझा किया जा रहा है।

Title:बिहार में आई बाढ़ के दौरान की पुरानी तस्वीर पंजाब में आई बाढ़ से जोड़ कर भ्रामक दावे से वायरल…
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: Misleading
