ज्योति सिंह के लिए पवन सिंह का काराकाट में चुनाव प्रचार करने का दावा सच नहीं है, लोकसभा चुनाव 2024 के समय का वीडियो बिहार चुनाव से जोड़ कर वायरल…

Missing Context Political

फैक्ट क्रेसेंडो को वीडियो में दिख रहे मंदिर के पुजारी ने यह स्पष्ट किया है कि यह वीडियो अभी के दिनों का नहीं है। यह लोकसभा चुनाव 2024 के समय का वीडियो है जब वे निर्दलीय प्रत्याशी बन कर चुनाव लड़ रहे थें।

अबकी बार बिहार चुनाव में भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। तो दूसरी तरफ बिहार विधानसभा चुनाव में पवन सिंह एनडीए के प्रचारक के तौर पर पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगते नजर आ रहे हैं। इसी सब के बीच पवन सिंह का एक वीडियो वायरल किया गया है, जिसमें वे एक मंदिर से अपने समर्थकों के साथ बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं मंदिर के ऊपर एक बोर्ड में हनुमान मंदिर सासाराम रोड बिक्रमगंज लिखा हुआ है। साथ ही वीडियो में एक टेक्स्ट है, जिसमें लिखा है पवन सिंह पहुंचे काराकाट ज्योति सिंह के समर्थन में देखकर लोग हुए हैरान। यह वीडियो अभी का समझ कर इस दावे से साझा हो रहा है कि, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह अपनी पत्नी ज्योति सिंह का चुनाव प्रचार करने के लिए काराकाट विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। यह वीडियो इस कैप्शन के साथ है…

ज्योति सिंह अपने समर्थन को देखकर  काराकाट में हुए हैरान !

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वीडियो संबंधी खोज के लिए सम्बंधित मीडिया रिपोर्टों को चेक करना शुरु किया। लेकिन हमें ऐसी कोई भी रिपोर्ट नहीं मिली जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो। क्यूंकि अगर ऐसा हुआ होता तो यह सुर्ख़ियों में होती। 

फिर हमने जांच को आगे बढ़ाते हुए कीफ्रेम की मदद से रिवर्स इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर सेवा समिति बिक्रमगंज रोहतास बिहार के नाम से एक फेसबुक पेज पर एक वीडियो मिला। यहां पर वीडियो को 12 मई 2024 को अपलोड किया गया था। हमने देखा कि इसमें पवन सिंह मंदिर में पूजा अर्चना कर रहे हैं। वे उन्हीं कपड़ों में जो वायरल वीडियो में दिख रहा है।  

इसके बाद हमें अपना बिक्रमगंज नाम के फेसबुक पेज पर एक वीडियो मिला, जिसे 12 मई 2024 को ही पोस्ट किया गया था। इसमें हमने देखा कि पवन सिंह लोगों से मिल रहे हैं और उन्होंने वहीं कपड़ा पहना हुआ है जैसा की वायरल वीडियो में है। वीडियो से साथ कैप्शन लिखा हुआ है काशी घाट, बिक्रमगंज पर पवन सिंह का आगमन।” 

पड़ताल के दैरान हमें एक यूट्यूब अकाउंट पर भी 13 मई 2024 को अपलोड किया हुआ एक वीडियो मिला, जिसमें पवन सिंह वायरल वीडियो वाले कपड़े में ही दिखाई दे रहे हैं। पवन सिंह पिछले साल काराकाट लोकसभा चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में बिक्रमगंज में जनसंपर्क  करने के लिए पहुंचे थें।

आगे सर्च करने पर हमें 24 अक्टूबर 2025 को आजतक की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया था कि ज्योति सिंह ने पवन सिंह के चुनाव प्रचार में शामिल होने के सवाल पर कहा कि “मैंने उनका प्रचार किया था। लेकिन अभी मेरा उनसे कोई संपर्क नहीं है। तो मुझे खुद नहीं पता कि वो मेरा साथ देंगे या नहीं देंगे। लेकिन उम्मीद करती हूं कि मैंने उनका साथ दिया था। वो भी मेरा साथ देंगे। लेकिन मैं अभी इस पर कुछ कह नहीं सकती”।

21 अक्टूबर 2025 को छपी हिंदुस्तान लाइव की रिपोर्ट के अनुसार, भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह बिहार विधानसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में पति के नाम का जिक्र नहीं किया है, बल्कि अपने वैवाहिक स्थिति के कॉलम में खुद को परित्यक्त नारी बताया है। ज्योति सिंह और पवन सिंह के बीच का विवाद निजी दायरे से निकलकर सार्वजनिक हो चुका है। दोनों अलग रह रहे हैं और उनके तलाक की प्रक्रिया भी जारी है। हाल ही में एक वीडियो में ज्योति सिंह पवन सिंह के घर पहुंची थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया था। इस घटना के बाद ज्योति ने पवन पर गंभीर आरोप लगाए थे।

अंत में वीडियो को और अधिक स्पष्ट करने के लिए वायरल वीडियो में दिख रहे मंदिर से संपर्क किया। हमारी बात मंदिर के पुजारी दीपक बाबा से हुई। जिन्होंने  बताया कि पवन सिंह का यह वीडियो पिछले साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान का है जब वे निर्दलीय प्रत्याशी बन कर चुनाव लड़ रहे थें। तब वे इस क्षेत्र में आए थें और मंदिर आ कर उन्होंने आरती की थी। इस वीडियो में वे खुद भी पवन सिंह के साथ आरती व पूजा करते दिख रहे हैं। उनका यह वीडियो अभी का नहीं है और न ही वे हाल में मंदिर आए हैं।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से पता चलता है कि पवन सिंह ज्योति सिंह का चुनाव प्रचार करने काराकाट नहीं पहुंचे हैं। उनके पुराने वीडियो को अभी के दिनों का बता कर बिहार चुनाव से जोड़ कर भ्रामक दावा किया गया है। यह वीडियो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान का है जब वे निर्दलीय प्रत्याशी बन कर चुनाव लड़ रहे थें। 

Avatar

Title:ज्योति सिंह के लिए पवन सिंह का काराकाट में चुनाव प्रचार करने का दावा सच नहीं है, लोकसभा चुनाव 2024 के समय का वीडियो बिहार चुनाव से जोड़ कर वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha  

Result:Missing Context