
हाल ही में सऊदी अरब के मदीना के पास हुए सड़क हादसे में 42 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई । इसी घटना की पृष्ठभूमि में, एक छोटे पुल पर खड़े वाहन में लगी भीषण आग और उससे उठते काले धुएँ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह अभी-अभी मदीना के पास हुई वही दुर्घटना है।
वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया जा रहा है…
“मदीना के पास बस दुर्घटना में हैदराबाद के 42 भारतीय उमरा तीर्थयात्रियों की मौत।”
मूल पोस्ट – इस्टग्राम | इस्टग्राम | आर्काइव्ह
पड़ताल के अंत में पता चला कि वायरल वीडियो 8 साल पुराना है और इसका हालिया मदीना बस हादसे से कोई संबंध नहीं है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में रिवर्स इमेज सर्च किया । परिणाम में हमें पता चला कि यह वीडियो 2017 से इंटरनेट पर मौजूद है।
एक यूट्यूब चैनल ने यही वीडियो 2017 में साझा किया था।
वीडियो के कैप्शन में लिखा था कि “अकाबा शार में ईंधन टैंकर पलट गया, चालक की जलकर मौत।”

इसके बाद और खोज करने पर पता चला कि सऊदी की एक समाचार एजेंसी ने 24 जून 2017 को इस दुर्घटना की तस्वीरें अपने रिपोर्ट में प्रकाशित की थीं।
इस रिपोर्ट के अनुसार, सऊदी अरब में आबहा और महायिल असीर गवर्नरेट को जोड़ने वाली सड़क पर, ‘अकाबा शार’ के नौवें सुरंग के आगे एक पुल पर ईंधन टैंकर पलट गया था और उसमें आग लग गई थी। इस हादसे में चालक की मृत्यु हो गई थी। अधिक जानकारी यहां पढ़ सकते हैं।
सऊदी अरब की हालिया दुर्घटना
17 नवंबर को सऊदी अरब में हुए हालिया बस हादसे में 45 भारतीय यात्रियों की मौत हुई। यह दुर्घटना मदीना पहुँचने से लगभग 25 किलोमीटर पहले हुई थी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बस में 46 लोग सवार थे, जिनमें से एक यात्री बच गया और उसका इलाज चल रहा है। इस घटना पर अधिक जानकारी यहां और यहां पढ़ सकते हैं।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि, वायरल वीडियो 8 साल पुराना है। यह वीडियो 2017 में आबहा शहर के पास ईंधन टैंकर में लगी आग का है। इसे झूठे दावे के साथ मदीना की हाल की दुर्घटना से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
Title:एक पुरानी दुर्घटना का वीडियो मदीना की हालिया दुर्घटना से जोड़कर वायरल
Fact Check By: Sagar RawateResult: Misleading


