
गणतंत्र दिवस समारोह के सन्दर्भ में वर्तमान में सोशल मंचों पर कई भ्रामक व गलत दावे पोस्ट किये जा रहें हैं, एक ऐसा ही दावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह पर किये गए ध्वजारोहण के सन्दर्भ में सोशल मंचों पर काफी चर्चा में है, दावे के अनुसार
शिवराज द्वारा गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाजपा का ध्वज फ़हराया गया,
साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि
“क्या तिरंगे से बड़ा हो गया है भाजपा का ध्वज”
इस वीडियो को सोशल मंचो पर काफी साझा किया जा रहा है।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
फैक्ट क्रेसेंडो ने जाँच के दौरान पाया कि वीडियो के साथ वायरल हो रहा दावा गलत है। यह वीडियो १४ मई २०१८ का मध्य प्रदेश के छतरपुर से है जहाँ शिवराज सिंह चौहान “चलो पंचायत की ओर” कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गये थे। इस वीडियो का गणतंत्र दिवस से कोई संबन्ध नहीं है।
जाँच की शुरुवात हमने यूट्यूब पर कीवर्ड सर्च के ज़रिये की, परिणाम में हमें वायरल हो रहा यही वीडियो यूट्यूब पर धनवंत सिंह उइके नामक एक चैनल पर प्रसारित किया हुआ मिला। इस वीडियो के शीर्षक में लिखा है, “भाजपा का झंडा फहराने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने गाया राष्ट्रगान,” और नीचे दी गयी जानकारी में लिखा है, “यह प्रकरण “पंचायत चलो” अभियान के एक कार्यक्रम के दौरान में हुआ, जहाँ राष्ट्रगान – “जन गण मन” को राज नगर, छतरपुर जिले में तिरंगा के बजाय बीजेपी का झंडा फहराने के बाद सुनाया गया, मनोज उइके का वीडियो।” इस वीडियो को 17 मई 2018 को प्रसारित किया गया था।
इसके पश्चात उपरोक्त जानकारी को ध्यान में रखते हुए हमने और अधिक शोध किया, हमें जनज्वर मीडिया नामक एक समाचार संस्था द्वारा प्रसारित यही वीडियो मिला, 15 मई 2018 को प्रसारित किया गया था। वीडियो के शीर्षक में लिखा है, “शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रगान बजाकर फहराया भाजपा का झंडा और दी सलामी।”
तदनंतर हमने इससे सम्बंधित और अधिक जानकारी के लिये गूगल पर कीवर्ड सर्च किया तो हमें पत्रिका द्वारा 16 मई 2018 को प्रकाशित किया हुआ एक समाचार लेख मिला जो उपरोक्त वीडियो में दिखाये गये प्रकरण के विषय में जानकारी दे रहा है। लेख में दी गयी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 मई 2018 को छतरपुर में स्थित खजुवा गांव में “चलो पंचायत की ओर” के कार्यक्रम में भाग लेने गये थे और वहाँ पर उन्होंने भा.ज.पा का झंडा लहराया था, जिसके बाद उन्होंने राष्ट्रगान भी गाया था।
आपको बता दें कि इस प्रकरण का विपक्ष द्वारा विरोध किया गया था।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया है कि उपरोक्त दावा गलत है। यह वीडियो १४ मई २०१८ का मध्य प्रदेश के छतरपुर का है जहाँ शिवराज सिंह चौहान “चलो पंचायत की ओर” कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गये थे। इस वीडियो का गणतंत्र दिवस से कोई संबन्ध नहीं है।
फैक्ट क्रेसेंडो द्वारा किये गये अन्य फैक्ट चेक पढ़ने के लिए क्लिक करें :
१.शिवसेना के पोस्टर का रंग बदलकर उसे गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
२.क्या पंजाब में कृषि कानूनों के विरोध के साथ-साथ हिंदी भाषा का भी विरोध हो रहा है? जानिये सच
३. झारखण्ड में लड़की पर हमला करने के एक पुराने वीडियो को लव जिहाद के नाम से फैलाया जा रहा है |

Title:क्या मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर भा.ज.पा का झंडा फहराया? जानिये सच…
Fact Check By: Rashi JainResult: False
