वीडियो में दिख रहा गुरुद्वारा लेह में स्थित है। इसका चीन बोर्डर से कोई संबन्ध नहीं है।

भारत-चीन सीमा पर चल रहे विवादों के चलते भारतीय सेना एक वीडियो वायरल हो रहा है। उसके साथ दावा किया जा रहा है कि भारत-चीन बोर्डर पर सिख रेजिमेंट ने एक गुरुद्वारा बनाया है और साथ ही निशान साहिब भी लगाया है।
वीडियो में सिख समुदाय के साथी जयकारा लगाते हुए दिखते है। वायरल पोस्ट में लिखा है, “चाइना बॉर्डर पर सिख रेजिमेंट ने गुरुद्वारा बना दिया और निशान साहेब लगा दिया।“
अनुसंधान से पता चलता है कि…
सबसे पहले हमने इस वीडियो को ध्यान से देखा। वहाँ हमें 0.22 सेकंड पर पथर साहिब लिखा हुआ दिखा।
फिर हमने गूगल पर कीवर्ड सर्च की। पथर साहिब कहा है इस बात की जानकारी हासिल की। हमें इंक्रेडिबल इंडिया के वैबसाइट पर यह पाया कि गुरुद्वारा पथर साहिब लेह में स्थित है। वह लेह- कारगिल रोड़ पर स्थित है।

इस बात की पुष्टि करने के लिये फैक्ट क्रेसेंडो ने कश्मीर के स्थानीय पत्रकार बसित ज़ारगर से संपर्क किया। उनके ज़रिये हमने वहाँ के एक स्थानीय निवासी से संपर्क किया। उसने हमें बताया कि यह वीडियो लेह के गुरुद्वारा पथर साहिब का है। लेह शहर से यह 10-12 किमी दूर है। इसका बोर्डर से कोई संबन्ध नहीं है। यह वीडियो एक- डेढ़ महिने पुराना है।
आगे बढ़ते हुये हमने वहाँ स्थित किंग्स ऑफ हिमालया नामक एक पर्यटन कंपनी के मालिक विशाल वर्मा से संपर्क किया। हमने उनको यह वीडियो भेजा। उन्होंने इसको देखकर बताया कि, “वीडियो में दिख रहा गुरुद्वारा लेह- श्रीनगर हाईवे पर लेह से लगभग 18 किमी पर है। यह गुरुद्वारा पथर साहिब है। इसकी देख-रेख भारतीय सेना करती है। इस जगह पर आम जनता नहीं रहती है।”
उन्होंने हमें यह भी बताया कि उनके फेसबुक पेज किंग्स ऑफ हिमालया पर इस गुरुद्वारे का एक वीडियो प्रसारित है। आप उसको नीचे देख सकते है। आपको बता दें कि यह पर्यटन कंपनी लोगों को लेह घुमाने ले जाती है।
इसके बाद हमने इश्तियाक कच्चा से संपर्क किया। ये पहले लेह के उप- पुलिस अधीक्षक थे और अब दिल्ली में तैनात है। उन्होंने हमें बताया कि, “ये वीडियो बेशक पथर साहिब गुरुद्वारा का है जो लेह में स्थित है। ऐसे समारोह भारत- चीन बोर्डर पर नहीं होते है।”
फिर हमने इन सभी सबूतों की पुष्टि करने के लिये लेह के कलेक्टर श्रीकांत बालासाहेब सुसे और उप-पुलिस अधीक्षक रेजिन संदुप से बात की। उन्होंने भी यही बताया कि यह लेह का है।
जाँच के दौरान हमें वायरल हो रहा यही वीडियो भाजपा नेता व पूर्व विधायक मंजिंदर सिंह सिरसा के आधिकारिक फेसबुक पेज पर 25 अक्टूबर 2021 को प्रसारित किया हुआ मिला। उसमें उन्होंने लिखा है, लेह में स्थित गुरुद्वारा पथर साहिब में 80 फीट का निशान साहिब लगाया गया है।
निष्कर्ष: तथ्यों की जाँच के पश्चात हमने पाया कि वायरल हो रहे वीडियो के साथ किया गया दावा गलत है। इस वीडियो में दिख रहा गुरुद्वारा लेह में स्थित गुरुद्वारा पथर साहिब है। इसका चीन बोर्डर से कोई संबन्ध नहीं है।

Title:क्या सिख रेजिमेंट ने चीन बोर्डर पर गुरुद्वारा बना दिया? जानिए इस वायरल वीडियो का सच
Fact Check By: Rashi JainResult: False
