किरयात शमोना हमले के पुराने वीडियो को नेवातिम एयरबेस का बताकर किया जा रहा है शेयर।

मिडल ईस्ट में जारी हुआ संघर्ष अब एक अत्यंत गंभीर और खतरनाक मोड़ ले चुका है। अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के जवाब में, ईरान ने खाड़ी देशों के प्रमुख शहरों और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाकर व्यापक जवाबी कार्रवाई की है। इसी संदर्भ से जोड़ते हुए इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक घर में भयंकर आग लगी हुई है और अग्निशमन कर्मी उस घर में लगी तेज आग को बुझा रहे हैं। वहीं वीडियो में कुछ इजरायली सैनिकों को भी दिखाया गया है। दावा किया जा रहा है कि वीडियो इजरायल के नेवातिम एयरबेस पर हुए हमले का है। वीडियो को इस कैप्शन के साथ शेयर किया गया है…
ब्रेकिंग न्यूज़ 🇮🇷🇮🇱 खबरों के मुताबिक, ईरान की मिसाइलों ने नेवातिम एयरबेस पर हमला किया है, जो इजरायली वायु सेना के सबसे रणनीतिक ठिकानों में से एक है।इस बेस पर एफ-35आई “अदिर” स्टील्थ फाइटर जेट, सी-130 ट्रांसपोर्ट विमान और अन्य कई विमान तैनात हैं.!
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो से फ्रेम्स लेकर गूगल लेंस की मदद से इमेज सर्च किया। परिणाम में हमें द जेरूसलम पोस्ट की तरफ से एक रिपोर्ट मिली, जिसे 29 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें एक स्क्रीनशॉट है जो वायरल वीडियो से मेल खाता है। कैप्शन से पता चलता है कि वीडियो किर्यात शमोना में एक घर पर गिरे रॉकेट का है।

इसके साथ ही हमें इजरायली न्यूज वेबसाइट C14 की एक न्यूज रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो से मेल खाती हुई तस्वीर पोस्ट की गई थी। तस्वीर के साथ लिखे कैप्शन के अनुसार, किर्यात शमोना में रॉकेट गिरने का दृश्य बताया गया है।
वाशिंगटन पोस्ट की वेबसाइट पर 30 अक्टूबर 2023 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान की तरफ से 29 अक्टूबर को किरयात शमोना इलाके में दो मिसाइलें दागी गई थीं।
साथ ही टाइम्स ऑफ़ इजरायल और इजरायल नेशनल न्यूज की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट स्पष्ट करते हैं कि, 9 अक्टूबर 2023 को किर्यात शमोना में एक रॉकेट गिरा था, और उससे एक घर में आग लग गई थी।
इसी प्रकार से एक इजरायली अकाउंट द्वारा 29 अक्टूबर 2023 को किए गए एक पोस्ट में भी वायरल वीडियो को किरयात शमोना का ही बताया गया है। इसलिए हम कह सकते हैं कि इजरायल के नेवातिम एयरबेस पर हमले के दावे से साझा किया जा रहा यह वीडियो भ्रामक है।
निष्कर्ष
तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में यह वीडियो 29 अक्टूबर 2023 को किरयात शमोना में हुए रॉकेट हमले के बाद एक घर में लगी आग का है, जिसे ईरान की मिसाइलों द्वारा नेवातिम एयरबेस पर हमले का बताकर फर्जी रूप में फैलाया जा रहा है।


