योगी आदित्यानाथ ने खुद के पीएम बनने पर POK को वापस लाने का दावा नहीं किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ऐसा कहते हुए तीसरे कार्यकाल में POK को भारत में मिलाने की बात कही थी।

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो इंटरनेट पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो एक जनसभा के दौरान का है,जिसमें वे मंच से कहते हैं,”प्रधानमंत्री बनने दीजिए,अगले छह महीने में आप देखेंगे पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) भी भारत का हिस्सा होगा।” इस वीडियो को हाल का बताते हुए साझा करते हुए दावा किया जा रहा है कि सीएम योगी खुद के पीएम बनने के बाद पाक अधिकृत कश्मीर को भारत में वापस लाने का दावा कर रहे हैं। वायरल वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया जा रहा है…
योगी जी को प्रधानमंत्री बनने दीजिए अगले 6 महीने में अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होगा।
अनुसंधान से पता चलता है कि…
हमने वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले गूगल पर सम्बंधित कीवर्ड से सर्च किया। परिणाम में हमें ANI के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला जिसे 18 मई 2024 को शेयर किया गया था। यह वीडियो वायरल वीडियो का मूल वर्शन था जिसके साथ कैप्शन में “PoK भारत का हिस्सा बन जाएगा…”पीएम मोदी के तीसरे कार्यकाल पर सीएम योगी का बड़ा दावा” लिखा हुआ था। वहीं नीचे लिखे विवरण के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 मई को महाराष्ट्र के पालघर में एक रैली को संबोधित किया था। जहां उन्होंने लोगों से नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के लिए समर्थन देने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि, “हम अपने दुश्मन की पूजा नहीं करेंगे। अगर कोई हमारे लोगों को मारता है तो हम उनकी पूजा नहीं करेंगे बल्कि उन्हें वैसा जवाब देंगे जिसके वे हकदार हैं। पाकिस्तान के लिए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को बचाना मुश्किल हो गया है। पीएम मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए और छह महीने के अंदर PoK भारत का हिस्सा बन जाएगा…”।
फिर हमें The Economic Times के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 18 मई 2024 को अपलोड किया गया एक और वीडियो मिला। यहां पर भी इसे महाराष्ट्र के पालघर में हुई जनसभा का बताया गया था। पता चलता है कि इसमें योगी आदित्यनाथ आतंकवाद और पाकिस्तान के मुद्दे पर कांग्रेस की आलोचना कर रहे थे। तभी 01 मिनट 25 सेकंड के बाद योगी कहते हैं,”….और अब तो पाकिस्तान को पाक अधिकृत कश्मीर को बचाना मुश्किल हो रहा है। आप देखना चुनाव के बाद मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए, अगले 6 महीने के अंदर आप देखेंगे कि पाक अधिकृत कश्मीर भी भारत का हिस्सा होगा।“
इसी प्रकार से हमें अन्य न्यूज़ आउटलेट्स द्वारा योगी के इस वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट्स मिलीं। जिनके हवाले से पता चलता है कि, योगी आदित्यनाथ साफ तौर पर लोगों से नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के लिए समर्थन देने की अपील कर रहे थें, जिसमें वे कह रहे थें कि अगर मोदी दोबारा चुने जाते हैं तो पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) भारत का हिस्सा बन जाएगा।
इस प्रकार से स्पष्ट होता है कि योगी आदित्यनाथ अपने के लिए प्रधानमंत्री बनने की बात नहीं कर रहे थें, बल्कि वे नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे थें। यानी वायरल वीडियो से “मोदी जी” वाला हिस्सा काटकर उसे इस तरह तैयार किया गया, जिससे यह लग रहा है कि वे अपने बारे में पीएम बनने की बात कर रहे हो।
निष्कर्ष
तथ्यों की जाँच से यह स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह से गलत है। असल में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘पीओके’ वाले मूल संबोधन के एक खास हिस्से को काटकर इस तरह पेश किया गया है, जिससे भ्रम पैदा हो सके कि वे खुद के प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे हैं। जबकि वास्तव में वे नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे थें।
Title:भारत में POK को मिलाने वाली बात योगी आदित्यनाथ ने खुद के पीएम बनने पर नहीं की, भ्रामक है वायरल दावा।
Fact Check By: Priyanka SinhaResult: False


