बांग्लादेश में जुलाई में हुए एयरक्राफ्ट क्रैश का वीडियो हालिया संदर्भ से जोड़कर गलत दावे से वायरल…

False International

यह वीडियो है तो बांग्लादेश का पर इसका हाल की घटना से कोई संबंध नहीं है। यह जुलाई के महीने में स्कूल पर हुए एयरक्राफ्ट क्रैश की घटना है।

बांग्लादेश में हिंदू युवकों की सरेआम हत्या समेत अल्पसंख्यकों पर हमलों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसी से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक ईमारत पर धमाका होता है और उससे धुआं उठने के साथ ही अफरातफरी का माहौल कायम हो जाता है। वहीं इस दौरान कई लोग घायल अवस्था में जमीन पर लेटे हुए हैं। यह वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में हो रही हालिया हिंसा के बीच बमबारी से धमाका हो गया। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया है…

बांग्लादेश में बमबारी😭# चालू हो गया

फेसबुक पोस्टआर्काइव पोस्ट 

अनुसंधान से पता चलता है कि…

हमने जांच की शुरुआत में वायरल वीडियो के कीफ्रेम को लेकर उसे गूगल लेंस से खोजा। परिणाम में हमें एक फेसबुक पेज ‘Dainik Boishammo MukttoDainik Boishammo Muktto-দৈনিক বৈষম্য মুক্ত’ पर 21 जुलाई को एक पोस्ट किया हुआ मिला। इसमें हम वायरल क्लिप के लंबे वर्जन को देख सकते हैं। वीडियो के साथ बांग्ला में कैप्शन लिखा था, जिसे अनुवाद करने पर यह पता चला कि वीडियो माइंड ईस्टन स्कूल के अंदरूनी हिस्से को दिखा रहा है जो एक प्लेन क्रैश के होने से क्षतिग्रस्त हुआ था। 

फिर हमें इंस्टाग्राम यूजर faisal_al_mazahiri की तरफ से 22 जुलाई 2025 को वायरल वीडियो शेयर किया हुआ मिला। इसके साथ कैप्शन में लिखा है, बांग्लादेश एयर फोर्स ट्रेनिंग जेट ढाका के स्कूल में क्रैश हो गया।

मिली जानकारी की मदद लेकर आगे सर्च करने पर हमें इंडियन एक्सप्रेस की वेबसाइट पर 22 जुलाई को इससे संबंधित खबर छपी हुई मिली। इसमें हादसे के वीडियो और तस्वीरें भी अपलोड की गई हैं। जबकि रिपोर्ट के अनुसार, ढाका में बांग्लादेश एयर फोर्स का एक विमान स्कूल और कॉलेज कैंपस से टकरा गया था। जिसके बाद इस हादसे में 27 लोग मारे गए और 160 से ज्यादा घायल हो गए थें। हादसा ढाका के माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज में हुआ था। जब एक ट्रेनिंग विमान उड़ान भरने के बाद क्रैश हो गया था। विमान एक इमारत के किनारे से टकरा गया था, जिससे उसकी दीवारें और लोहे की ग्रिल क्षतिग्रस्त हो गईं थीं। 

इसी जानकारी के साथ हमें NewsX Live के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो रिपोर्ट साझा किया हुआ मिला, जिसे 21 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया था। इसमें वायरल वीडियो से मिलते हुए फुटेज को देखा जा सकता है। वीडियो के साथ लिखे विवरण के अनुसार, बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक मिलिट्री ट्रेनिंग जेट एक स्कूल कैंपस में क्रैश हो गया था।

इस घटना से सम्बंधित रिपोर्टों को यहां, यहां और यहां पर भी देख सकते हैं।

बांग्लादेश में अब तक 18 दिन में छठे हिंदू की हत्या-

6 जनवरी 2026 को प्रकाशित दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में अब तक 18 दिन में 6 हिन्दुओं की हत्या कर दी गई है। घटना बांग्लादेश के नरसिंदी जिले की है जहां बीते सोमवार रात को एक हिंदू दुकानदार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय शरत चक्रवर्ती मणि के रूप में हुई है। यह बीते 18 दिनों में छठे हिंदू व्यक्ति की हत्या है। शरत चक्रवर्ती मणि पलाश उपजिला के चारसिंदूर बाजार में अपनी किराना दुकान चला रहे थे। इसी दौरान अचानक पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मणि को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 19 दिसंबर को मणि ने फेसबुक पर एक पोस्ट लिखकर देश में बढ़ती हिंसा पर चिंता जताई थी और अपने इलाके को मौत की घाटी बताया था।

निष्कर्ष 

तथ्यों के जांच से यह पता चलता है कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो जुलाई 2025 का है, जब बांग्लादेश एयर फोर्स ट्रेनिंग जेट ढाका के स्कूल में क्रैश हो गया था। उसी समय के वीडियो को बांग्लादेश के हालिया संदर्भ से जोड़ते हुए बमबारी की घटना बता कर भ्रामक रूप से फैलाया जा रहा है। 

Avatar

Title:बांग्लादेश में जुलाई में हुए एयरक्राफ्ट क्रैश का वीडियो हालिया संदर्भ से जोड़कर गलत दावे से वायरल…

Fact Check By: Priyanka Sinha 

Result: False